अचल संपत्तियों के मूल्यांकन, सतना और मैहर जिले में 3145 लोकेशन निर्धारित

Satnafirst Desk
2 Min Read
  • मूल्य निर्धारण के लिये जिला मूल्यांकन समिति की बैठक.
सतना 28 फरवरी. पंजीयन जिला सतना (मैहर सहित) में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए अचल संपत्तियों के मूल्यांकन हेतु पंजीयन की गाइडलाइन निर्माण करने कलेक्टर अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। इस मौके पर वनमंडलाधिकारी विपिन पटेल, कमिश्नर नगर निगम अभिषेक गहलोत, जिला पंजीयक डॉ कीर्ति सिंह बघेल सहित उप पंजीयक उपस्थित थे।
अचल संपत्तियों के मूल्य निर्धारण के लिये बैठक में जिला पंजीयक डॉ सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में सतना, मैहर सम्मिलित पंजीयन जिले में कुल 3125 लोकेशन रही हैं, जिनमें 132 लोकेशन जोड़ने और 112 लोकेशन घटाने के उपरांत वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कुल 3145 लोकेशन निर्धारित की गई हैं। जिनमें शहरी क्षेत्र की 871 और ग्रामीण क्षेत्र की 2274 लोकेशन हैं। लोकेशन में भ्रम होने की स्थिति में कुल 32 लोकेशन में मेटा डाटा सुधार प्रस्तावित किया गया है।
उप जिला मूल्यांकन समितियों, सतना, मैहर, अमरपाटन, रामपुर बघेलान और नागौद के माध्यम से गाइडलाइन वर्ष 2024-25 के लिए प्राप्त प्रस्तावों के अनुसार नगरीय भूखंड की 175 लोकेशन्स में 10 से 30 प्रतिशत की मूल्य वृद्धि की गई है। इसी तरह नगरीय कृषि की 112 लोकेशन में 10 से 30 प्रतिशत की मूल्य वृद्धि की गई है।
ग्रामीण भूखंड की 771 लोकेशन में और ग्रामीण कृषि की 771 लोकेशन में 10 से 30 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इस प्रकार प्रस्तावित वृद्धि उपरांत जिले की नगरीय क्षेत्र में वेटेड औसत वृद्धि 2.26 प्रतिशत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वेटेड औसत वृद्धि 4.54 प्रतिशत प्राप्त हो रही है। प्रस्तावित मूल्य वृद्धि वर्ष 2024-25 के लिए वेटेड औसत वृद्धि 3.38 प्रतिशत पाई जा रही है। कलेक्टर ने उप पंजीयकों से उप जिला मूल्यांकन समितियां से प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा की।
WhatsApp Group Join Now

Share This Article