सतना :कलेक्टर अनुराग वर्मा ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक माह की ग्रेडिंग से पहले 10 तारीख से 20 तारीख के बीच सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण दूसरे विभाग को स्थानांतरित नहीं किये जायें। सोमवार को समय-सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने जिले में चलाये जा रहे सुशासन सप्ताह की गतिविधियों की समीक्षा भी की। इस मौके पर अपर कलेक्टर स्वप्निल वानखडे, सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना, एसडीएम एपी द्विवेदी, सुधीर बेक, आरएन खरे, राहुल सिलाडिया, एलआर जांगडे, डिप्टी कलेक्टर सुमेश द्विवेदी सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सीपी ग्राम की शिकायतों की समीक्षा में कहा कि जिले में चलाये जा रहे सुशासन सप्ताह के दौरान सीपी ग्राम की सभी लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना के महाप्रबंधक को सीपी ग्राम की लंबित शिकायतों पर गंभीरता नहीं बरतने के फलस्वरूप कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिये। सुशासन सप्ताह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले शिविरों के हितग्राहियों के योजनाओं संबंधी लाभ के आवेदन और कृत कार्यवाही पोर्टल पर फीड कराने के निर्देश भी दिये गये। कलेक्टर ने कहा कि सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अपने सुपर वीजन में तहसीलदार के माध्यम से स्वामित्व के पट्टे तैयार करा लें। स्वामित्व के पट्टे वितरण का प्रशिक्षण सह उन्मुखीकरण वृहद कार्यक्रम 27 दिसम्बर को जिला एवं ग्राम स्तर पर किया जायेगा। राजस्व अधिकारी कार्यक्रम की बेहतर तैयारी अभी से प्रारंभ करें। सभी ग्राम पंचायत के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करें।

