अनिवार्य सेवा के 94 मतदाताओं ने किया पोस्टल मतदान

Satnafirst Desk
3 Min Read
सतना, 21 शनिवार. लोकसभा निर्वाचन में सतना संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन में अनिवार्य सेवा के 94 कार्मिक मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में 20 से 22 अप्रैल तक शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धवारी सतना के कक्ष क्रमांक 23 में अनिवार्य सेवा के कार्मिक मतदाताओं के लिए विशेष बूथ बनाया गया है।
यहां प्रथम दिवस 20 अप्रैल को अनिवार्य सेवा में संलग्न विभिन्न विभागों के 61 और 33 प्राधिकृत पत्रकारों ने डाकमत पत्र से मतदान किया। इनमें मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के 31, स्वास्थ्य विभाग के 13, अग्निशमन सेवा के 17 और प्राधिकृत मीडिया के 33 मतदाताओं ने अपना मतदान किया। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनिवार्य सेवा के कार्मिकों को पोस्टल मतदान की सुविधा के अंतर्गत फॉर्म 12‘डी’ भरकर मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के 46, स्वास्थ्य के 35, अग्निशमन सेवा के 21 और प्राधिकृत मीडिया के 36 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से मतदान करने की सहमति जताई थी। सहायक नोडल अधिकारी विष्णु त्रिपाठी ने बताया कि अनिवार्य सेवा के शेष 45 कार्मिक मतदाता 21 अप्रैल को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धवारी सतना के कक्ष क्रमांक 23 में प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक पोस्टल बैलेट से अपना मतदान कर सकते हैं।

पोस्टल बैलेट से प्राधिकृत पत्रकारों ने किया मतदान

WhatsApp Group Join Now

आयोग ने अधिसूचना जारी कर पत्रकारों के कार्य को अत्यावश्यक सेवा श्रेणी में स्थान देकर यह सुविधा प्रदान की है। यह सुविधा केवल उन पत्रकारों को मिलेगी, जिन्हें निर्वाचन कार्य के कवरेज हेतु भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्राधिकार पत्र जारी किया गया हो। सतना संसदीय क्षेत्र के पत्रकारों द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के प्रयासों की सराहना की गई तथा आयोग द्वारा जारी निर्देशों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए 33 प्राधिकृत पत्रकारों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धवारी सतना में पोस्टल बैलेट से मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। जहाँ उन्होंने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 9-सतना के लिए उत्साह के साथ अपने मताधिकार का उपयोग किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने भी पोस्टल बैलेट मतदान केंद्र का निरीक्षण और सभी पत्रकारों से 26 अप्रैल का होने वाले मतदान में मतदाताओं को प्रेरित करने की अपेक्षा की।

26 अप्रैल को सभी न्यायालयों के लिये अवकाश घोषित

लोकसभा निर्वाचन की मतदान तिथि 26 अप्रैल को न्यायालीयन अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदान करने के लिये माननीय उच्च न्यायालय जबलपुर द्वारा सभी न्यायालयों के लिये सामान्य/सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतना अजय श्रीवास्तव ने उच्च न्यायालय जबलपुर के निर्देश के परिपालन में 26 अप्रैल 2024 को न्यायिक जिला स्थापना सतना, कुटुंब न्यायालय सतना एवं समस्त अनुभाग और तहसील न्यायालयों के लिये अवकाश घोषित किया है।

Share This Article