सतना : /मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में मैहर कलेक्टर श्रीमती रानी बाटड द्वारा जिले के विभिन्न अंचलों से आये 30 आवेदकों से आवेदन प्राप्त किए गए। मैहर जिले के ग्राम पलोहा की उप सरपंच दुर्गा बाई ने आवेदन देकर बताया कि शासकीय विद्यालय के सामने अवैध शराब बेची जाती है। इसी तरह पहाड़ी के ग्राम बेलदरा से प्रेमचंद गुप्ता ने बिजली का मीटर खराब होने तथा बिजली का बिल अधिक होने की शिकायत कलेक्टर से की। इसी प्रकार ग्राम घुरपुरा की लक्षिमणिया वंशकार ने बताया कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट बैंडर आत्मनिर्भर निधि का आवेदन नगरपालिका मैहर द्वारा भराया गया था। लेकिन बैंक द्वारा योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। प्राप्त आवेदनों के आधार पर कलेक्टर ने सुनवाई करते हुए विभागीय अधिकारी को त्वरित कार्यवाही करने और समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्रीमती बाटड ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों पर कार्यवाही न किए जाने पर विभागीय अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। इस मौके पर अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, एसडीएम विकास सिंह, सीईओ प्रतिपाल बागरी, डीपीओ राजेंद्र बांगरे एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
