महिला कर्मियों एवं दिव्यांग कर्मियों द्वारा संचालित मतदान बूथ बनाये जायेंगे

Satnafirst Desk
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

भोपाल, 22 मार्च . मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन-2024 में प्रदेश में 3500 मतदान केन्द्रों पर महिला मतदान कर्मियों द्वारा मतदान कराया जायेगा। इन मतदान केन्द्रों पर तैनात पूरा मतदान दल महिला अधिकारी/कर्मचारी का होगा। इसी प्रकार लगभग 250 मतदान केन्द्रों पर दिव्यांग मतदान कर्मियों द्वारा मतदान कराया जायेगा। इन मतदान केन्द्रों पर मतदान दल दिव्यांग अधिकारी/कर्मचारी का ही होगा।

राजन ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन-2024 के संचालन के लिये लगभग 5 लाख 20 हजार मतदान कर्मी, सेक्टर ऑफिसर, पुलिस कर्मी के रूप में अधिकारियों/कर्मचारियों की निर्वाचन ड्यूटी लगायी जा रही है। मतदान के दिन प्रत्येक मतदान केन्द्र में संबंधित बीएलओ भी उपस्थित रहेंगे। उनके पास वर्णाक्रमानुसार मतदाता सूची भी होगी, जिससे कोई भी मतदाता मौके पर ही यह जान सके कि मतदाता सूची में इनका नाम किस नंबर पर है।

राजन ने यह भी बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा माइक्रोसाइट https://elections24.eci.gov.in/ तैयार की गई है। इस पर लोकसभा निर्वाचन-2024 से संबंधित अद्यतन जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

दूसरे दिन गुरूवार 3 उम्मीदवारों ने 3 नामांकन पत्र दाखिल किए

लोकसभा निर्वाचन-2024 के निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण के लिये नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया जारी है। नामांकन प्रक्रिया के गुरूवार को तीन लोकसभा संसदीय क्षेत्रों में 3 उम्मीदवारों ने 3 नामांकन पत्र दाखिल किये है। अब तक कुल 6 उम्मीदवारों द्वारा 9 नामांकन पत्र दाखिल कर दिये है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि नाम निर्देशन प्रक्रिया के दूसरे दिन लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-11 सीधी में 1 उम्मीदवार ने 1 नाम निर्देशन पत्र, लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-14 मंडला (अजजा) में 1 उम्मीदवार द्वारा 1 नाम निर्देशन पत्र एवं लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-15 बालाघाट में 1 उम्मीदवार द्वारा 1 नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया है। प्रथम चरण के लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-13 जबलपुर एवं लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-16 छिन्दवाड़ा में अब तक किसी भी उम्मीदवार द्वारा नाम निर्देशन पत्र दाखिल नहीं किया गया है। नाम निर्देशन पत्र दाखिल किये गये उम्मीदवारों के शपथ-पत्र एवं अन्य जानकारियां भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट की लिंक https://affidavit.eci.gov.in/ पर देखी जा सकती हैं।
Share This Article