आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें: राजन

Satnafirst Desk
3 Min Read
  • मतदान प्रतिशत बढ़ाने मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ बढ़ायें.
WhatsApp Group Join Now

भोपाल, 25 अप्रैल. ग्वालियर–चंबल संभाग के लोकसभा चुनाव पर भारत निर्वाचन आयोग की विशेष निगाह है। दोनों संभागों में स्वतंत्र, निष्पक्ष, निर्विघ्न एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न कराने को लेकर आयोग सतर्क और गंभीर है। इसलिए आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ एनएसए व जिला बदर सहित अन्य सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए, जिससे मतदाताओं में विश्वास कायम हो और वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

इस आशय के निर्देश मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश अनुपम राजन ने ग्वालियर–चंबल संभाग की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक में दोनों संभागों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षकों को दिए। उन्होंने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिये हर मतदान केन्द्र तक व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ बढ़ाने पर भी विशेष बल दिया। बुधवार को ग्वालियर की तानसेन रेसीडेंसी में हुई बैठक में पुलिस महानिरीक्षक (कानून-व्यवस्था) एवं राज्य पुलिस नोडल आफिसर श्री अंशुमन सिंह, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री विवेक श्रोत्रिय, कमिश्नर ग्वालियर डॉ. सुदाम खाड़े व कमिश्नर चंबल श्री संजीव कुमार झा, पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर श्री अरविंद सक्सेना, डीआईजी चंबल श्री कुमार सौरभ तथा ग्वालियर की कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान और पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह सहित दोनों संभागों के सभी जिलों के कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक मौजूद थे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री अनुपम राजन ने कहा कि अंतर्राज्यीय व अंतर जिला नाकों पर 24 घंटे विशेष निगरानी रखें। अवैध धन, मदिरा व अन्य मादक पदार्थ व अवैध हथियारों सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त करें। साथ ही इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने बाउण्डओवर की कार्रवाई में तेजी लाने और जिला बदर आदेश का कड़ाई से पालन करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि एसएसटी, एफएसटी व वीएसटी पूरी तरह मुस्तैद व सतर्क होकर काम करें। श्री राजन ने वल्नरेबल क्षेत्र के मतदान केन्द्रो में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। जिन भवनों में पाँच या उससे अधिक मतदान केन्द्र हैं वहाँ अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने के भी निर्देश दिए। जिन मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की संख्या अधिक है वहाँ अतिरिक्त मतदान कर्मियों की तैनाती करें, जिससे मतदान सुचारू रूप से हो।

 

Share This Article