सतना, 30अप्रैल. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिये घोषित कार्यक्रमानुसार पूरे देश में मतदान की प्रक्रिया सात चरणों में हो रही है। सतना संसदीय क्षेत्र की सीमा से जुडें हुये संसदीय क्षेत्र बांदा (उत्तरप्रदेश) में मतदान पांचवे चरण में 20 मई को होगा।
इस अवधि तक के लिये कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतना अनुराग वर्मा ने विधानसभा चित्रकूट और रैगांव की चेकपोस्ट में स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) की तैनाती की है। स्टैटिक सर्विलांस टीम का ए और बी समूह चेकपोस्ट पर भारी मात्रा में लायी जाने वाली नकदी, अवैध शराब एवं अन्य संदेहास्पद वस्तु या शस्त्र की आवाजाही पर निगरानी बनाये रखेगा। संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जायेगी। चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में 3 और रैगांव विधानसभा क्षेत्र में एक एसएसटी तैनात की गई है।
जारी आदेशानुसार विधानसभा चित्रकूट और रैगांव अंतर्गत एसएसटी का ए समूह सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक एवं बी समूह रात्रि 8 बजे से सुबह 8 बजे तक चेकपोस्ट पर कार्यरत रहेगा। विधानसभा चित्रकूट में चेकपोस्ट स्थल गुप्त गोदावरी मोड नयागांव, सेमरिया रोड हरिहरपुर थाना सभापुर, पिण्डरा तिराहा थाना मझगवां तथा विधानसभा रैगांव में सिंहपुर तिराहा थाना सिंहपुर में एसएसटी तैनात रहेगी। एसएसटी में शामिल टीम प्रमुख को मजिस्ट्रेट के रुप में एवं सहायक उप निरीक्षक स्तर के पुलिस कर्मी को चेकपोस्ट प्रभारी के रुप में नियुक्त किया गया है।
