सतना 8 मई. अनुविभाग स्तरीय समिति की अनुशंसा पर प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति आमातारा को शासकीय उचित मूल्य दुकान कोइलारी के संचालन के लिये जारी आवंटन पत्र को निरस्त करते हुये नवीन संस्था नमो स्व-सहायता समूह को दुकान संचालन के लिये आवंटन पत्र जारी किया गया था।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मैहर विकास सिंह ने बताया कि गौरा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष कमलवती जैसवाल के पति रामसुजान जैसवाल ने सेल्समैन राजेंद्र चौधरी की मिलीभगत से आवंटन आदेश को कंप्यूटर से एडिट करवाकर उचित मूल्य की दुकान की दीवाल पर चस्पा कर नियम विरुद्ध खाद्यान्न का वितरण किया गया है। नमो स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष सुधा विश्वकर्मा के पति गबूचंद विश्वकर्मा द्वारा प्रस्तुत किये गये शिकायत पत्र के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मैहर ने थाना प्रभारी, बदेरा को मामले की जांच करते हुये दोषी व्यक्ति के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करते हुये इसकी सूचना से अवगत कराने के निर्देश दिये हैं।
WhatsApp Group Join Now
रिवारा की प्रतिभूति राशि की गई राजसात
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मैहर विकास सिंह ने शासकीय उचित मूल्य दुकान रिवारा की प्रतिभूति राशि 5000 रुपये शासन के पक्ष में राजसात करने का आदेश जारी किया है। साथ ही भविष्य में शासन के नियमों के विपरीत राशन वितरण में अनियमितता बरतने पर दुकान निलंबित करने की चेतावनी दी गई है।
जारी आदेश में कहा गया है कि मैहर जिले की शासकीय उचित मूल्य दुकान रिवारा में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा की गई जांच के आधार पर प्रस्तुत किये गये प्रतिवेदन में शासन के दिशा-निर्देशों के विपरीत राशन वितरण करना पाया गया। इस पर शासकीय उचित मूल्य दुकान रिवारा को कारण बताओ नोटिस जारी कर अनियमितताओं के संबंध में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गये थे। लेकिन शासकीय उचित मूल्य दुकान रिवारा द्वारा दिये गये जवाब का अवलोकन करने पर जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। जिसके फलस्वरुप उचित मूल्य दुकान रिवारा की प्रतिभूति राशि को राजसात करते हुये सात दिवस के अंदर बैंक में चालान के माध्यम से राशि जमा करने के निर्देश संबंधित विक्रेता को दिये गये हैं। साथ ही चालान की प्रति कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मैहर में प्रस्तुत करने को कहा गया है।
