सतना 10 मई. लोकसभा निर्वाचन के लिये हुये मतदान की पोल्ड ईवीएम स्ट्रांग रुम में कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गई है। जिसकी चौबीसों घंटे सुरक्षा बलों के जवानों द्वारा और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जा रही है। निर्वाचन आयोग द्वारा पोल्ड ईवीएम के लिये निर्धारित स्ट्रांग रुम का प्रतिदिन निरीक्षण करने के निर्देश दिये गये हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने गुरुवार को स्ट्रांग रुम के नियमित निरीक्षण के क्रम में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मतगणना के लिये की जा रहीं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुये मतगणना स्थल की व्यवस्था और सुरक्षा संभाल रहे अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस मौके पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेडे, एआरओ नीरज खरे, राहुल सिलाढ़िया, आरएन खरे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मतगणना के लिये शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना के नवीन भवन में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। कलेक्टर श्री वर्मा ने मतगणना स्थल की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होने निर्देश दिये कि मतगणना स्थल पर केवल प्राधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश करने की अनुमति रहेगी। इसके अतिरिक्त किसी भी अन्य व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुये सतना और मैहर जिले के 7 विधानसभा क्षेत्रों के लिए होने वाली मतगणना के लिये क्षेत्रवार बनाए गए मतगणना कक्षों में जाकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही डाक मतपत्रों की गणना के लिए की जा रही व्यवस्थाओं को भी देखा। उन्होने मतगणना टेबलों, मतगणना कार्य में संलग्न अमले की संख्या, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
