गेंहू उपार्जन के लिये किसान बुक कर सकते हैं अपने स्लॉट

Satnafirst Desk
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now

रीवा, 13 मई. किसानों को उनकी उपज का अधिकतम दाम देने के लिए शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर फसल का उपार्जन किया जाता है। पंजीकृत किसानों से जिले के निर्धारित खरीदी केन्द्रों में गेंहू का उपार्जन प्रारंभ कर दिया गया है। जिले भर में सहकारी समितियों के माध्यम से नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा गेंहू की खरीद की जा रही है। गेंहू उपार्जन के लिए किसान तत्काल अपनी सुविधा के अनुसा स्लॉट बुक करने कर सकते हैं। गेंहू उपार्जन की अंतिम तिथि 20 मई है।

इस संबंध में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि इस वर्ष किसानों को गेंहू खरीद के लिए एसएमएस नहीं भेजा जाएगा। किसान गेंहू के बिक्री का दिनांक तथा समय एमपी ई उपार्जन डॉट एनआईसी डॉट इन पोर्टल पर स्वयं बुक कर सकते हैं। किसान सबसे पहले ई उपार्जन पोर्टल पर उपार्जन की लिंक क्लिक करें। इसमें स्लॉट बुकिंग का विकल्प दिखेगा। किसान अपना पंजीयन कोड दर्ज करें। कोड दर्ज करने पर पंजीकृत मोबाइल नम्बर पर ओटीपी प्राप्त होगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद किसान तहसील, उपार्जन केन्द्र तथा उपज बिक्री का दिनांक दर्ज करें। इसके बाद स्लॉट बुक पर सबमिट करें। पोर्टल पर पंजीकृत किसान द्वारा बुक किए गए स्लॉट की जानकारी प्रदर्शित होगी। इसका पिं्रट निकाला जा सकता है।

कलेक्टर ने बताया कि किसान अपने पंजीकृत एन्ड्रॉयड फोन, लोक सेवा केन्द्र, ग्राम पंचायत, एमपी ऑनलाइन के कियोस्क सेंटर, उपार्जन केन्द्र तथा इंटरनेट कैफे का उपयोग कर गेंहू उपार्जन के लिए स्लॉट बुक कर सकते हैं। किसान प्रतिदिन प्रात: 9 बजे से दोपहर एक बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे के बीच स्लॉट बुक कर सकते हैं। गेंहू का उपार्जन प्रत्येक सप्ताह सोमवार से शुक्रवार तक किया जाएगा। किसान द्वारा बुक किए गए स्लॉट की वैधता तीन कार्य दिवस की होगी। जिस तहसील में किसान की भूमि है उस तहसील के किसी भी खरीदी केन्द्र में अपना गेंहू बेच सकते हैं।

जिले में अब तक समर्थन मूल्य पर हुई 728357 क्विंटल गेंहू की खरीद

जिले में निर्धारित खरीदी केन्द्रों में एक अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेंहू की खरीद की जा रही है। जिले में 12 मई तक 15096 किसानों से 728357 क्विंटल गेंहू की खरीद अब तक की गयी है। इसके लिए किसानों को 174 करोड़ 80 लाख 57 हजार की राशि मंजूर की गयी है। इस संबंध में अपर कलेक्टर तथा प्रभारी जिला आपूर्ति नियंत्रक सपना त्रिपाठी ने बताया कि उपार्जित गेंहू का भण्डारण कराया जा रहा है। असमय वर्षा से कुछ खरीदी केन्द्रों में उपार्जन कार्य प्रभावित हुआ है।

उपार्जित गेंहू के तत्काल भण्डारण की व्यवस्था की जा रही है अब तक खरीदे गये गेंहू में से 596985 क्विंटल गेंहू का परिवहन किया जा चुका है। अब तक किसानों के बैंक खाते में 90 करोड़ 77 लाख 4 हजार 381 रूपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है। गेंहू खरीदी के लिए अब तक 20909 किसानों ने स्लॉट बुक किये हैं। जिले में सहकारी समितियों के मध्याम से गेंहू का उपार्जन किया जा रहा है। गेंहू खरीद की अंतिम तिथि 20 मई है।

Share This Article