भोपाल, 19 जून. एशियन जूनियर केनोई स्प्रिंट चैम्पियनशिप-2024 का आयोजन 14 से 16 जून तक थाईलैण्ड में किया गया। प्रतियोगिता में खेल अकादमी के खिलाड़ियों ने कयाकिंग-केनोइंग खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, 2 रजत और एक कॉंस्य सहित 4 पदक अर्जित कर देश को गौरवान्वित किया।
थाईलैण्ड में आयोजित इस प्रतियोगिता में खेल अकादमी के पूर्व खिलाड़ी अर्जुन सिंह ने जूनियर सी-1 500 मी. स्पर्धा में स्वर्ण पदक, जूनियर सी-1 1000 मी. स्पर्धा में एक रजत पदक प्राप्त किये। वहीं जूनियर सी-2 1000 मी. स्पर्धा में अरविंद वर्मा और हर्ष की जोड़ी ने रजत पदक, जूनियर सी-2 500 मी. स्पर्धा में प्रिंस गोस्वामी और सुधीर कुमार की जोड़ी ने काँस्य पदक अर्जित किया। रजत और काँस्य पदक अर्जित करने वाले तीनों खिलाड़ी वर्तमान में खेल अकादमी के खिलाड़ी हैं।
प्रतियोगिता में कोरिया, मलेशिया, वियतनाम, म्यानमार, थाईलैण्ड, फिलिपिन्स, हांगकांग, चायनीज-ताइपे, भारत, श्रीलंका, उज्बेकिस्तान, कजाकिस्तन, ईरान, तजाकिस्तान और सिंगापुर की टीमों ने भागीदारी की थी।
