भोपाल, 26 जुलाई. बीजेपी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे प्रभात झा का निधन हो गया है। दिल्ली के अस्पताल में सुबह 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन से भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा सहित अनेक नेताओं ने झा के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
करीब 26 दिन पहले उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल से एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया गया था। वे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। प्रभात झा मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे। उनका जन्म 4 जून 1957 को बिहार के दरभंगा के हरिहरपुर गांव में हुआ था। वे परिवार के साथ मध्यप्रदेश के ग्वालियर आ गए थे। उनकी प्रारंभिक शिक्षा यहीं हुई। प्रभात झा ने ग्वालियर के पीजीवी कॉलेज से बीएससी, माधव कॉलेज से राजनीति शास्त्र में एमए और एमएलबी कॉलेज से एलएलबी की। प्रभात झा की शादी रंजना झा से हुई थी।
उनके दो बेटे हैं। एक का नाम तुष्मुल झा है। शादी के बाद वे पत्रकारिता करने लगे। लंबे समय तक पत्रकारिता के बाद वे राजनीति में आए और बीजेपी के सदस्य बने। प्रभात झा बीजेपी के मुखपत्र ‘कमल संदेश’ के संपादक रहे। उन्होंने कई किताबें भी लिखी । राजनीति में आने के बाद वे दो बार राज्यसभा सदस्य रहे। उनका नाम एक बड़े संगठनात्मक चेहरे के रूप में स्थापित था। यही वजह थी कि पार्टी ने उन्हें पहले प्रदेश अध्यक्ष फिर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया था।
सिंधिया प्रभात झा के अंतिम दर्शन करने दिल्ली में मेदांता पहुँचे
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रभात झा के अंतिम दर्शन करने दिल्ली में मेदांता पहुँचे। उन्होंने अंतिम दर्शन के बाद प्रभात झा के बेटे को सांत्वना दी।
झा ने आदर्श जीवन जिया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव वरिष्ठ नेता, लेखक और विचारक झा के निधन पर यादव ने शोक व्यक्त किया भोपाल, 26 जुलाई. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वरिष्ठ नेता श्री प्रभात झा के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्री प्रभात झा एक सजग़ जनप्रतिनिधि के साथ ही प्रख्यात लेखक और राष्ट्रवादी विचारक भी थे। उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया। इनमें राज्यसभा सदस्य और मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की भूमिकाएं भी शामिल हैं। डॉ. यादव ने कहा कि उनका प्रभात जी के साथ कई वर्ष का संबंध रहा। उन्होंने एक आदर्श जीवन जिया।
राजनैतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति – उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल
उप-मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने वरिष्ठ नेता, मध्यप्रदेश भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा के निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ राजनीतिज्ञ, पत्रकार, लेखक और विचारक श्री झा का निधन राजनीतिक जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने राष्ट्र-सेवा में आजीवन समर्पित रहे कर्मठ व्यक्तित्व श्री प्रभात झा को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उप-मुख्यमंत्री शुक्ल ने दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, परिजनों और समर्थकों को यह विकट दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
