- कलेक्टर ने की नगर निगम के कार्यों की समीक्षा
सतना 8 फरवरी. प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में नगर निगम सतना क्षेत्र के बीएलसी घटक में स्वीकृत 4217 आवासों में से 3742 आवास पूर्ण कर लिये गये हैं। इसी प्रकार एएचपी घटक में स्वीकृत 2446 आवासों में से 1768 आवास पूर्ण किये गये हैं।
इस आशय की जानकारी कलेक्टर अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को संपन्न नगर निगम के कार्यों की समीक्षा के दौरान दी गई। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम अभिषेक गहलोत सहित नगर निगम के अधिकारी उपस्थित थे। संपत्ति कर एवं संलग्न करों की वसूली में बताया गया कि गत वर्ष 13 करोड़ 12 लाख वसूली की तुलना में इस वर्ष 10.32 प्रतिशत अधिक इस अवधि तक 14 करोड़ 47 लाख रुपए की वसूली की गई है।
राजस्व किराया एवं अन्य मदों में 3 करोड़ 60 लाख रुपए मांग के विरुद्ध 2 करोड़ 14 लाख की वसूली की गई है। नगर निगम में 3 करोड रुपए लागत के 7 निर्माण कर 3 वर्ष बाद भी अधूरे रहने पर कलेक्टर ने अप्रसन्ना व्यक्त करते हुये शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिये। पीएम स्वनिधि योजना में नगर निगम क्षेत्र में 20 हजार 22 के लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत 20 हजार 96 हितग्राहियों को ऋण वितरण करने पर भारत सरकार का प्रशस्ति पत्र मिलने पर कलेक्टर ने बधाई दी।
सीवरेज स्कीम के तहत बताया गया की 31 करोड़ की लागत से पैकेज-1 में 75 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। 41 किलोमीटर लंबाई की पाइपलाइन, 1358 मेनहोल, 4645 हाउस सर्विस चेंबर का काम पूरा हो गया है। एसटीपी और मेन पम्पिंग स्टेशन का कार्य 78 प्रतिशत पूरा हो गया है। इसी प्रकार 43 करोड़ लागत के सतना पैकेज-2 के तहत 48 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है। इसमें 153 किलोमीटर पाइपलाइन, 5408 मेनहोल, 3743 हाउस सर्विस चेम्बर बनाये जा चुके हैं। कलेक्टर ने सीवर की खुदाई में सेफ्टी एण्ड रूल्स का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
