सांची सोलर सिटी के बाद अन्य नगरों में बढ़ाएंगे सौर ऊर्जा का इस्तेमाल – मुख्यमंत्री डॉ यादव

Satnafirst Desk
3 Min Read

– रविंद्र सभागम में पर्यावरण सम्मेलन में आए अनेक पर्यावरणविद् और पर्यावरण प्रेमी.

WhatsApp Group Join Now

भोपाल. 20 फरवरी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पृथ्वी को बचाने के उद्देश्य से पर्यावरण संरक्षण गतिविधियां राज्य शासन की प्राथमिकता है। पर्यावरण की रक्षा से संबंधित विशेषज्ञों के प्राप्त सुझावों पर आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। नगरी और ग्रामीण निकायों द्वारा हरीतिमा के विकास के लिए स्थान सुरक्षित किए जाएंगे। इसके साथ ही सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जाएगा और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर अंकुश लगाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ यादव रविन्द्र सभागम में पर्यावरण सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। डॉ. यादव ने कहा कि भारत की संस्कृति प्रकृति से जुड़ी है। हमारी जीवन शैली पेड़ पौधों और वनों के सम्मान का आव्हान करती है। हम वसुधा को परिवार मानते हैं। प्रधानमंत्री नर्रेद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का यश विश्व में बढ़ रहा है। 

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजनीति के क्षेत्र में होने के बाद भी शिवराज जी पर्यावरण संरक्षण के महत्वपूर्ण अभियान से जुड़े हैं। वे हमारे आदर्श हैं। उनके द्वारा गत तीन वर्ष से प्रतिदिन पौधा लगाने का कार्य प्रेरक है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देते हुए सोलर पैनल की स्थापना के लिए नागरिकों को पूरा सहयोग मिलेगा। प्रदेश में सांची सोलर सिटी की पहचान बनी है। इस कार्य का विस्तार अन्य नगरों एवं ग्रामों में होगा।

शिवराज ने दिलवाया संकल्प, रोज एक पेड़ लगाएंगे

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रत्येक नगर और ग्राम में पर्यावरण के प्रति सजग नागरिकों की एक टीम तैयार कर सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों में सहयोग का संकल्प भी लिया है। पर्यावरणविद् पद्मभूषण डॉ. अनिल जोशी ने कहा कि आज विकसित देश अनेक कष्टों से गुजर रहे हैं। प्रकृति के प्रति सभी को गंभीर होना चाहिए। प्रख्यात गीतकार समीर अंजान ने कहा कि उन्होंने सर्वाधिक गीत लिखने के कीर्तिमान बनाने के बाद अब यह संकल्प लिया है कि पर्यावरण पर केंद्रित गीत भी लिखेंगे। अर्जित आय का दस प्रतिशत हार्ट-फुलनेस जैसी संस्थाओं को देने का संकल्प भी लिया है। प्रख्यात पर्यावरण विद् दाजी ने कहा कि भारतीय जीवन परम्परा में प्रकृति के सम्मान और संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण आदतें शामिल हैं। पर्यावरण सम्मेलन में सनातन परिवार, गायत्री परिवार, माँ आशापुरा दरबार जैसी संस्थाओं का सहयोग सराहनीय है।

कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, भोपाल की महापौर मालती राय, सांसद रमाकांत भार्गव, पूर्व सांसद आलोक संजर, सुमित पचौरी पर्यावरण प्रेमी, नागरिक उपस्थित थे। अंत में आचार्य विद्यासागर जी के देवलोक गमन पर दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई।

Share This Article