भोपाल. 21 फरवरी. अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं का रुख बदलने लगा है। तेज रफ्तार से चल रही हवाओं के साथ नमी आने के कारण बादल भी छाने लगे हैं। इससे बुधवार को प्रदेश के अधिकतर जिलों में दिन के तापमान में गिरावट हुई। तपिश से कुछ राहत मिल गई।
पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवा का रुख दक्षिण-पश्चिमी बना हुआ है। हवाओं की रफ्तार भी 20 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक बना हुआ है। हवाओं के साथ नमी आने के कारण बादल भी छाने लगे हैं। इससे अधिकतम तापमान में गिरावट हुई है।
ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा जिलों में वर्षा की संभावना
गुरुवार-शुक्रवार को उत्तर प्रदेश से लगे मध्य प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। उधर 24 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में आएगा। तब मध्य प्रदेश में विपरीत दिशा की हवाओं (पूर्वी-पश्चिमी) का संयोजन भी होने से 26 फरवरी के आसपास पूरे प्रदेश में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला शुरू हो सकता है।
