कलेक्टर मैहर और एसपी मैहर भी रहे मतदान केंद्रों के भ्रमण पर
सतना 27 अप्रैल. मैहर जिले की 2 विधानसभा क्षेत्र के 3 अनुविभाग मैहर, अमरपाटन एवं रामनगर में भी मतदान किया गया। मैहर की कलेक्टर रानी बाटड और पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल मतदान दिवस को मैहर शहर सहित अमरपाटन विधानसभा के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओ का जायजा लिया। इसी प्रकार एसडीएम रामनगर डॉ आरती सिंह ने रामनगर, एसडीएम आरती यादव ने अमरपाटन विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रो का सतत निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया की गतिविधियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
सतना कलेक्टर वर्मा और एसपी गुप्ता ने किया निरीक्षण
सतना कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिये मतदान करने के बाद विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों के भ्रमण पर निकले। कलेक्टर वर्मा और एसपी गुप्ता ने मतदान के दिन विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के अनेक मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
उन्होने चित्रकूट, बिरसिंहपुर, सभापुर, रैगांव, डांडीटोला, हटिया, रामपुर चौरासी, सेलहा, गुझवां, मझगवां, सतना के अनेक मतदान केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होने मतदान केंद्रों में चल रही मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्र की व्यवस्थाओं को देखा और मतदान की ड्यूटी में संलग्न अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को सुदृढ़ता के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये।
जब्त किये मोबाईल फोन
आयोग द्वारा मतदान केंद्र के अंदर मोबाईल ले जाना और उसका प्रयोग प्रतिबंधित किया गया है। निरीक्षण के समय कलेक्टर वर्मा को मतदान केंद्र के अंदर उपस्थित व्यक्तियों के पास अनाधिकृत मोबाईल फोन भी मिले। जिन्हे जब्त कर जमा कराया गया एवं मतदान कार्य में संलग्न कर्मियों को मतदान केंद्र के भीतर मोबाईल फोन का उपयोग नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों में वोटिंग करने आये मतदाताओं से भी चर्चा की एवं सभी से निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने के लिये कहा।
कार्यशील रही एमसीएमसी

जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय मीडिया अनुप्रमाणन एवं मॉनिटरिंग समिति मतदान दिवस को भी कलेक्ट्रेट में 24 घंटे कार्यरत रही। अभ्यर्थियों द्वारा प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया में किए गए खर्च की निगरानी और आंकलन तथा एमसीसी के उल्लंघन संबंधी खबरों पर समिति की अवलोकन समिति के सदस्य निगरानी रखे रहे। लोकसभा निर्वाचन के सामान्य प्रेक्षक डॉ सुरेश कुमार ने संयुक्त कलेक्ट्रेट में संचालित एमसीएमसी, डीसीसी, सी-विजिल प्रकोष्ठ का निरीक्षण कर गतिविधियों का जायजा लिया।
ईएमएमसी सेंटर से हर 2 घंटे में भेजी गई एटीआर रिपोर्ट में सतना और मैहर के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रो में मतदान दलों के पहुंचने से लेकर वापसी तक के दौरान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर चल रही खबरों की प्रति 2 घंटे में एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) लिए जाने की व्यवस्था बनाई गई थी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में संचालित ईएमएमसी प्रकोष्ठ में नोडल अधिकारी संयुक्त कलेक्टर सुधीर कुमार बैक को बनाया गया था।
पोल डे कम्युनिकेशन प्रकोष्ठ में पल-पल की जानकारी हुई संकलित

मतदान केंद्रों की विभिन्न गतिविधियों और वोटिंग प्रतिशत की पल-पल की जानकारी जिला स्तरीय कम्युनिकेशन प्रकोष्ठ द्वारा संकलित की गई। ई-दक्ष सेंटर कक्ष के जिला स्तरीय कम्युनिकेशन प्लान और कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में स्थापित रिटर्निंग ऑफिसर स्तरीय कम्युनिकेशन प्लान द्वारा दूरभाष के माध्यम से सेक्टर अधिकारियों, एआरओ और रिटर्निंग ऑफिसर से मतदान केंद्र की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी संकलित की गई।
जिला स्तरीय कम्युनिकेशन प्रकोष्ठ की ड्यूटी में संलग्न अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा पूरे दिन वोटिंग प्रतिशत की जानकारी समय पर संकलित कर निर्वाचन आयोग को भेजी गई। जिला स्तरीय कम्युनिकेशन प्लान में दूरभाष पर जानकारी लेने की व्यवस्था के प्रभारी सहायक नोडल अधिकारी परियोजना अधिकारी गौरव शर्मा, सहायक परियोजना अधिकारी अवधेश सिंह और जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस योगेश तिवारी ने मतदान दलों के रवाना होने, उनके पहुंचने, मतदान दलों की व्यवस्था, मॉकपोल की प्रक्रिया, मतदान प्रारंभ होने के बाद का मतदान प्रतिशत और ईवीएम मशीनों के संचालन संबंधी पल-पल की जानकारी संकलित की।
995 मतदान केंद्रों की हुई वेब कास्टिंग
सतना और मैहर जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्र के कुल 1950 मतदान केन्द्रो में से 995 मतदान केंद्रों में वेब कास्टिंग की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में सात विधानसभा क्षेत्रों के 995 मतदान केन्द्रो पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर पल-पल की गतिविधियां जिला निर्वाचन कार्यालय सतना के द्वितीय तल के हॉल में स्थित वेब कास्टिंग कंट्रोल रूम में देखी गई।
इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा भी लगातार वेब कास्टिंग के माध्यम से जिले की गतिविधियों पर नजर रखी गई। सतना और अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र के 140-140, चित्रकूट के 129, मैहर के 148, नागौद के 154, रैगांव के 130 और रामपुर बघेलान विधानसभा के 154 मतदान केंद्रो में वेब कास्टिंग की गई है। ई-दक्ष केंद्र के प्रभारी सतीश पांडेय और उनकी टीम द्वारा मतदान दलों की रवानगी से लेकर उनके वापस होने तक की जानकारी मतदान केंद्रवार देखी गई।
मतदाताओं के बीच आकर्षण का केंद्र बने आदर्श मतदान केंद्र
मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए बेहतर से बेहतर प्रबंध किये गये थे। जिला प्रशासन द्वारा मतदान केन्द्रों में व्यवस्थायें इस तरह से की गई थी कि मतदाताओं को मतदान करने के में कोई कठिनाई नहीं हो। मतदान करने के लिए मतदाता आकर्षित हों। लोकसभा क्षेत्र सतना में कुल 35 मतदान केन्द्र आदर्श मतदान केन्द्र, महिला कार्मिकों द्वारा संचालित 70 बूथ बनाये गये थे। इसी प्रकार दिव्यांग कर्मियों द्वारा संचालित 7 बूथ तथा 268 मिक्स बूथ बनाये गये थे। इन मतदान केन्द्रों को विशेष साज-सज्जा के साथ सजाया गया था।
मतदान केंद्रों में गुब्बारे लगाकर फूल से मतदान केन्द्र को सजाया गया था। मतदान केन्द्र के प्रवेश द्वार को स्वागत द्वार की तरह सजाया गया था। मतदान केन्द्र में छाया और पीने के पानी की अच्छी व्यवस्था थी। मतदाताओं के बैठने के समुचित प्रबंध किये गये थे। शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैम्प/व्हीलचेयर की व्यवस्था की गई। बुजुर्ग, दिव्यांग, गर्भवती महिला मतदाताओं को वोट डालने के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ रहा था। आदर्श मतदान केन्द्र मतदाताओं के बीच आकर्षण का केन्द्र बने रहे।
आदर्श मतदान केंद्र पर मतदान करने वाले मतदाताओं ने विशेष सुविधाओं की सराहना भी की। लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र-9 सतना के आदर्श मतदान केंद्र तथा महिला मतदान केंद्रों में मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। विशेष सजावट के साथ मतदान केंद्रों में रखे गए सोफे, ठंडे पानी की व्यवस्था, सेल्फी प्वाइंट की सुविधा उपलब्ध थी। केंद्र पर लगे झूले तथा फिसल पट्टी का बच्चों ने भरपूर लुत्फ उठाया।
