रीवा, 27 अप्रैल. लोकसभा निर्वाचन में रीवा संसदीय क्षेत्र के लिए जिले के सभी मतदान केन्द्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किये गये। सभी मतदान केन्द्रों में छाया के लिए टेंट, पीने के पानी की व्यवस्था के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं भी की गयी।
जिले के मॉडल मतदान केन्द्र आईजी कार्यालय में धात्री महिलाओं के शिशुओं के लिए पालना घर की व्यवस्था की गयी जिससे वे सुविधाजनक ढंग से अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।
शासकीय मार्तण्ड क्रमांक 3 में बनाये गये मतदान केन्द्र में बुजुर्ग मतदाता नमिता सक्सेना ने उत्साह से अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए प्रशासन द्वारा मतदाताओ की सुविधा के लिए किये गये प्रबंधों की सराहना करते हुए कहा कि हम सब ने बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का उपयोग किया। इसके लिये प्रशासन साधुवाद के पात्र है।
कलेक्टर ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होने पर जताया आभार
रीवा संसदीय क्षेत्र के लिए जिले में शांति पूर्वक मतदान कराने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा पाल ने अधिकारियों तथा कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होनें कहा कि सभी अधिकारियों तथा कर्मचारियों की कड़ी मेहनत एवं सौपे गये उत्तर दायित्व के ठीक से निर्वाहन के कारण मतदान निर्विघ्न हुआ। किसी क्षेत्र से अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सभी मतदान केन्द्रों में सुगमता के साथ मतदान हुआ।
उन्होनें मतदान के दौरान कानून और व्यवस्था बनाये रखने के लिए तैनात सभी पुलिस अधिकारियों तथा सुरक्षा बलों के प्रति भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सभी सेक्टर आफीसरों, पीठासीन अधिकारियों मतदान अधिकारियों तथा मतदान से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया।
