सतना .विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को मैहर जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन मैहर विकासखंड मेंब सोनवारी, चौपड़ा, भदनपुर, अमरपाटन विकासखंड में झिन्ना, भदवा, तथा रामनगर विकासखंड में जुडमानी, हिनौती में किया गया। रामनगर विकासखंड की विकासखंड की संकल्प यात्रा में जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल ने शामिल होकर शासन की योजनाओं के बारे में उपस्थित लोगों की जानकारी दी। उन्होने शिविर का शुभारंभ करते हुए कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दे रही है। इस संकल्प यात्रा में प्रधानमंत्री की गारंटी वाली गाड़ी से आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना जैसी अनेक योजनाओं की जानकारी आमजनता को मिल रही है। इसी प्रकार अमरपाटन विकासखंड की विकसित भारत संकल्प यात्रा में जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह ने यात्रा के उद्देश्यों और शासन की योजनाओं के लाभ बताये। उन्होने कहा कि यात्रा के माध्यम से योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया जा रहा है। संकल्प यात्रा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क उपचार शिविर लगाया गया है। आमजन उसमें जाकर अपने स्वास्थ्य की जाँच करा सकते हैं। आधार कार्ड तथा अन्य सुविधाओं के लिए बैंकों द्वारा भी शिविर लगाया गया है। शासन की इन महत्वपूर्ण योजनाओं का आमजन लाभ उठाएं। इस दौरान जनपद अध्यक्ष माया पांडेय, पंकज सिंह परिहार, जनपद सदस्य प्रदीप चौरसिया, रमेश कुमार पांडेय सहित स्थानीय प्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहें। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आकर्षक पोषण आहार प्रदर्शनी लगाई गई।
