- प्रशासन की पहल से नवोदित कलाकारों को मिलेगा मंच.
सतना 15 जून. मां शारदा की पावन नगरीय एवं संगीत सम्राट पद्भ विभूषण बाबा अलाउद्दीन खां साहब की साधना स्थली मैहर में प्रत्येक माह की पहली तारीख को संध्या में शास्त्रीय संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। जिला प्रशासन मैहर की अभिनव पहल से पावन स्थल मैहर में शास्त्रीय संगीत के उभरते हुये नवोदित कलाकारों को मंच मिलेगा और शास्त्रीय संगीत के मर्मज्ञ श्रोताओं को सुखद अनुभूति होगी। यह कार्यक्रम शास्त्रीय संगीत महाविद्यालय मैहर के सभागार में प्रत्येक माह की निश्चित तिथि को सायं 7 बजे से 9 बजे तक आयोजित होगा।
इस कार्यक्रम में शास्त्रीय गायन-वादन एवं नृत्य के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों दे सकेंगे। जिला प्रशासन मैहर के सहयोग से मैहर म्यूजिक अटाला आर्ट सिटी (एमएए) के तत्वाधान में पहले कार्यक्रम की शुरुआत 1 जुलाई 2024 सोमवार को सायं 7 बजे की जायेगी। प्राचार्य शासकीय शास्त्रीय संगीत महाविद्यालय मैहर एचआर अहिरवार ने बताया कि इन कार्यक्रमों में अपनी प्रस्तुति देने के इच्छुक शास्त्रीय संगीत, नृत्य के कलाकार अपने आवेदन बायोडाटा के साथ 20 जून 2024 तक संगीत महाविद्यालय मैहर में प्रभारी अनिल कुमार जायसवाल सहायक व्याख्याता (मो.नं. 7987274350) के पास जमा कर सकते हैं।
संगीत के मैहर घराने को जीवंत बनाये रखने एवं विद्या की देवी मां शारदा की नगरी को संगीतमय बनाने इस शास्त्रीय संगीत कार्यक्रम का आयोजन प्रत्येक माह की एक तारीख को शाम 7 बजे से किया जायेगा। शास्त्रीय संगीत के नियमित मासिक कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर 1 जुलाई को सायं 7 बजे संगीत महाविद्यालय मैहर के सभागार में सभी नागरिकों को सादर आमंत्रित किया गया है।
