कलेक्टर मैहर ने मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

Satnafirst Desk
2 Min Read
  • मैहर जिले के 3 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा की मेरिट सूची में अर्जित किया स्थान.
WhatsApp Group Join Now

सतना 1 मई. माध्यमिक शिक्षा मण्डल की हाई स्कूल और हायर सेकण्डरी की वर्ष 2023-24 की बोर्ड परीक्षा में राज्य स्तरीय प्रावीण्य सूची में स्थान पाने वाले मैहर जिले के 3 विद्यार्थियों को बुधवार को कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने सम्मानित किया।

कलेक्टर ने मेरिट में स्थान बनाने वाले मैहर जिले के छात्र धु्रव विश्वकर्मा, रौनक सिंह बघेल और कु. शुचिता पांडेय को सम्मानित किया। इनमें सरस्वती शिशु मंदिर रामनगर के छात्र धु्रव विश्वकर्मा ने हाईस्कूल परीक्षा में 500 के पूर्णांक में 485 अंक अर्जित कर मेरिट सूची में 10वां स्थान हासिल किया है। इसी प्रकार हायर सेकण्डरी परीक्षा में गणित संकाय से शासकीय सीएम राइज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमरपाटन के रौनक सिंह बघेल ने 500 के पूर्णांक में 483 अंक प्राप्त कर मेरिट सूची में नौंवां और ब्लूबैल्स उमावि मैहर की छात्रा शुचिता पांडेय ने 482 अंक प्राप्त कर दसवां स्थान हासिल किया है।

कलेक्टर बाटड ने मेधावी विद्यार्थियों से कहा कि जिस लगन एवं निष्ठा के साथ आप सभी छात्रों ने यह उपलब्धि हासिल की है, उससे जिले का नाम रोशन हुआ है। छात्रों की सफलता में उनके माता-पिता और शिक्षको का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होने कहा कि विद्यार्थी मेहनत करें और लक्ष्य की ओर आगे बढ़े। कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में लक्ष्य को प्राप्त करने इसी मेहनत और लगन से प्रयास करें।

उन्होंने सभी विद्यार्थियों से कहा कि इस वर्ष की तरह आगे भी अच्छी तरह मन लगाकर पढ़ाई करें और जब तक मनवांछित मंजिल न मिल जाए, तब तक लगातार मेहनत करते रहें। लक्ष्य पाने के लिए मेहनत सबसे आवश्यक है। इस मौके पर विद्यार्थियों ने अपना परिचय दिया और अपने आगे की कार्ययोजना और लक्ष्यों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी नीरव दीक्षित, डीपीसी विष्णु त्रिपाठी सहित छात्र-छात्रायें और उनके अभिभावक, शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Share This Article