- स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न
सतना, 1 जून. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र सतना की मतगणना का कार्य 4 जून को प्रातः 8 बजे से शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में प्रारंभ किया जायेगा। लोकसभा क्षेत्र में शामिल 7 विधानसभा क्षेत्रवार बनाये गये सात गणना कक्षों में मतगणना का कार्य एक साथ शुरू होगा। सबसे पहले डाक मतपत्र की गणना प्रारंभ की जायेगी। इसके 30 मिनट बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गणना प्रारंभ होगी।
इस आशय की जानकारी कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में दी गई। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, एआरओ नीरज खरे, राहुल सिलाढ़िया, आरती यादव, एपी द्विवेदी सहित लोकसभा निर्वाचन लड़ रहे अभ्यर्थी और उनके इलेक्शन एजेंट उपस्थित थे। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वर्मा ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण, मतगणना के लिये किये गये आवश्यक प्रबंध, मतों की गोपनीयता और ईवीएम की सुरक्षा के प्रबंध, मतगणना स्थल पर चिकित्सा, आवागमन, पार्किंग, प्रवेश, चक्रवार ईवीएम की गणना, ईटीपीबीएस, डाक मतपत्रों की गणना, पेयजल, कूलर, हवा एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के लिए किये गये प्रबंधों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के अनुसार विधानसभा क्षेत्र मैहर और रामपुर बघेलान में 20-20 टेबल तथा अन्य 5 विधानसभा क्षेत्र में 18-18 टेबल पर ईवीएम की गणना होगी। लोकसभा क्षेत्र के लिए प्राप्त ईटीपीबीएस और पोस्टल बैलेट की मतगणना सतना विधानसभा क्षेत्र के गणना कक्ष में पांच टेबलों पर अलग से की जायेगी। प्रत्येक गणना कक्ष, ईवीएम के आवागमन का मार्ग तथा संपूर्ण परिसर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा। उन्होंने कहा की गणना कक्षों में प्रत्येक टेबल पर बैठने वाले एजेण्टों की सूची और फोटोग्राफ्स निर्धारित प्रारूप में 1 जून की शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करायें, ताकि उनके प्रवेश प्राधिकार पत्र जारी किये जा सकें। स्ट्रांग रूम प्रातः 6 बजे खोला जायेगा। गणना कक्षों में बैठने वाले एजेंट प्रातः 6 बजे उपस्थित होकर मतगणना प्रारंभ होने से पूर्व अपना निर्धारित स्थान ग्रहण कर लें। काउंटिंग शुरू होने से पहले सभी गणना एजेंटों को मतों की गोपनीयता बनाये रखने की शपथ लेनी होगी। सभी अभ्यर्थियों के एजेंट का प्रशिक्षण 2 जून को सेमरिया चौक के टाउन हॉल में प्रातः 11 बजे से आयोजित होगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना के दौरान किन्हीं पांच वीवीपैट की रेंडम लॉटरी से चयन कर पर्ची की गिनती भी सुरक्षित रूप से बने काउंटर पर की जायेगी। सभी गणना कक्षों में चक्रवार मतगणना परिणाम प्रदर्शित करने प्रदर्शन बोर्ड रहेगा। इसके साथ ही मीडिया कक्ष में भी चक्रवार परिणाम प्रदर्शन का बोर्ड प्रदर्शित किया जायेगा। स्ट्रांग रूम से गणना कक्षों तक ईवीएम ले जाने और लाने मैहर, रामपुर बघेलान में 10-10 और अन्य विधानसभा क्षेत्रों में 9-9 लोग लगाये गये हैं। जो कलर कोडिंग में रहेंगे। मीडिया सेंटर से 5-5 मीडिया पर्सन के ग्रुपों को एस्कॉर्ट ऑफिसर के साथ गणना कक्षों में भ्रमण कराया जायेगा। मीडिया कर्मी गणना कक्षों में मोबाइल नहीं ले जायेंगे। डाक मतपत्र और ईवीएम की डिस्प्ले बोर्ड का फोटो मीडिया कर्मी कैमरे से नहीं खींचेंगे। ईटीपीबीएस की स्कैनिंग कार्य के लिए अलग कक्ष में सात टेबल लगाई गई हैं। अभ्यर्थी यहां के लिए भी अपने गणना एजेंट नियुक्त कर सकेंगे। सभी अभ्यर्थियों एवं गणना एजेंटों से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुये शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, विधि-सम्यक मतगणना कार्य में सहयोग करने की अपेक्षा की गई है।
