
सतना : शासन के निर्देशानुसार 19 से 24 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह मनाया जा रहा है। कलेक्टर अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सुशासन सप्ताह पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में विभाग प्रमुख अधिकारियों द्वारा सप्ताह पर आयोजित की गई गतिविधियों एवं शासन की सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने किये गये नवाचारों का प्रस्तुतिकरण किया। इस मौके पर अपर कलेक्टर स्वप्निल वानखडे, सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, आयुक्त नगर निगम शेर सिंह मीना सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने कहा कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की सेवायें, योजनाओं का लाभ बिना किसी असुविधा के समय पर पहुंचाना सुशासन है। हम सब लोक सेवक है इसलिए शासन की सेवायें हर जरूरत मंद तक पहुंचाने के लिए उत्तरदायी है। शासन की योजनाओं और विकास कार्यों को जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन करना और सुपात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाना सुशासन का प्रमुख भाग है। कार्यशाला में कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, राष्ट्रीय आजीविका मिशन ग्रामीण, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास, उप संचालक सामाजिक न्याय, सीईओ नागौद, कार्यपालन यंत्री आरईएस ने सुशासन सप्ताह के दौरान किये गये नवाचारों की जानकारी दी। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने सुशासन सप्ताह के दौरान अच्छा काम करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित भी किया।
