सतना 18 अप्रैल. लोकसभा निर्वाचन को दृष्टिगत रखते कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में बनाये गये स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय के नवीन भवन में होने वाले मतदान केन्द्रों के उपयोग के लिए ईवीएम की एफएलसी और कमीशनिंग कार्य ईवीएम की तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान कमीशनिंग कार्य के लिए स्ट्रांग रूम से विधानसभावार आने वाले ईवीएम के आने-जाने के मार्गों की सुरक्षा, छाया तथा सीसीटीवी कैमरा के कवरेज का निरीक्षण भी किया।
मतदान केन्द्र में रहेगी मतदान दलों को भोजन की उचित व्यवस्था
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशानुसार लोकसभा निर्वाचन सतना और मैहर जिले के 1950 मतदान केन्द्रों में जाने वाले मतदान दल कर्मियों को प्रत्येक मतदान केन्द्र में चाय, नाश्ता एवं भोजन आदि की उचित व्यवस्था की गई है। जनपद पंचायत के सीईओ और नगरीय निकाय के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित मीनू के अनुसार स्व-सहायता समूहों के माध्यम से निर्धारित समय व तारीख को भोजन, चाय, नाश्ता आदि उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
लोकसभा निर्वाचन में 7 विधानसभा क्षेत्र के 1950 मतदान दल एवं माइक्रो आब्जर्वर 25 अप्रैल को प्रस्थान कर उसी दिन मतदान केन्द्र पहुंचेंगे तथा 26 अप्रैल को मतदान पश्चात रात्रि तक वापस लौटेंगे। इसके अनुसार चाय 5 रूपये, चाय-नाश्ता 16 रूपये औेर भोजन की दरें 80 रूपये निर्धारित की गई है। मतदान दलों को 25 अप्रैल को लगभग दोपहर 1 बजे मतदान केन्द्र पहुंचने पर भोजन (चावल-दाल, रोटी, मौसमी सब्जी और मीठा) शाम 5 बजे चाय, बिस्किट, नमकीन, रात्रि 8 बजे भोजन (चावल-दाल, रोटी, मौसमी सब्जी और मीठा) इसी प्रकार 26 अप्रैल को प्रातः 6 बजे चाय, प्रातः 9 बजे चाय, पोहा, जलेबी, दोपहर 1 बजे भोजन (चावल-दाल, रोटी, मौसमी सब्जी और मीठा) तथा शाम 5 बजे मतदान दलों को चाय, बिस्किट उपलब्ध कराई जायेगी।
WhatsApp Group Join Now
