- नियुक्त कार्यपालिक दंडाधिकारी तीन पालियों में करेंगे ड्यूटी.
सतना 28 अप्रैल.लोकसभा निर्वाचन में मतदान पश्चात जिले के समस्त पीठासीन अधिकारियों द्वारा जमा की गई ईवीएम वीवीपैट को कड़ी शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में विधानसभावार बने स्ट्रांग रूम में रखा गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने मतदान में उपयोग हुईं ईवीएम मशीनों की सुरक्षा एवं निगरानी की दृष्टि से कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी 27 अप्रैल से 4 जून तक तीन पालियों में लगाई है।
नियुक्त सभी कार्यपालिक दंडाधिकारी मतगणना 4 जून तक अपनी पाली अनुसार पहली पाली में प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक, दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक एवं तीसरी पाली में रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक निर्धारित तिथि में अपनी सेवायें देना सुनिश्चित करेंगे। जारी आदेशानुसार स्ट्रांग रूम स्थल शासकीय उत्कृष्ट उच्चर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में पहली पाली में प्रातः 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक नायब तहसीलदार सौरभ द्विवेदी, प्रभारी नायब तहसीलदार परमानंद तिवारी, एएसएलआर राजेश सिंह, प्रभारी तहसीलदार रामदेव साकेत, प्रभारी नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद माझी, प्रभारी नायब तहसीलदार ललन सिंह और सुनील कुमार द्विवेदी की ड्यूटी कार्यपालिक दंडाधिकारी के रुप में लगाई गई है। इसी प्रकार दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक के लिये प्रभारी ना.तह. ललित कुमार धार्वे, रोशन लाल कोल, प्रेमलाल चौधरी, उमाकांत शर्मा, परमसुख बंसल, प्रभारी तहसीलदार जितेंद्र पटेल और अनुराग सिंह मरावी तथा तीसरी पाली में रात्रि 10 बजे से प्रातः 6 बजे तक प्रभारी सहायक भू-अभिलेख लालमणि पांडेय, प्रभारी तहसीलदार कमलेश सिंह भदौरिया, सुजीत नागेश, रायसिंह कुशराम, मुन्ना तिवारी, सुदामा प्रसाद कोरी और प्रभारी नायब तहसीलदार बीरेंद्र कुमार सिंह की ड्यूटी लगाई गई है। जबकि रिजर्व कार्यपालिक दंडाधिकारी के रुप में प्रभारी नायब तहसीलदार सौरभ मिश्रा और प्रभारी नायब तहसीलदार यादवेंद्रमणि त्रिपाठी की ड्यूटी लगाई गई है।
स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा में रखी ईवीएम मशीनों की प्रतिदिन होगी निगरानी
लोकसभा चुनाव में सतना और मैहर जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केन्द्रों में मतदान पश्चात शासकीय उत्कृश्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईवीएम और वीवीपैट को विधानसभावार स्ट्रांग रूम में रखा गया है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा और सभी संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सहायक रिटर्निग ऑफिसर द्वारा प्रतिदिन स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया जायेगा। इस दौरान निरीक्षणकर्ता अधिकारी लॉग बुक, सीसीटीवी, डबल लॉक, आवश्यक संख्या में सीपीएफ एवं एसएएफ के सुरक्षा बल की उपस्थिति एवं वीडियोग्राफी की जांच कर प्रतिदिन निर्धारित फॉर्मेट में जानकारी भेजी जायेगी।
नकद राशि जप्ती के प्रकरणों में हुई चर्चा
लोकसभा निर्वाचन के दौरान एसएसटी, एफएसटी, वीएसटी द्वारा जप्त की गई 4 लाख 47 हजार 308 रुपए की नकद राशि के रिलीज के संबंध में शनिवार को सीईओ जिला पंचायत और समिति संयोजक संजना जैन की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस मौके पर समिति के सदस्य अखिलेश पाठक, टीओ तोकानंद टेकाम, जिला समन्वयक बद्री दहायत एवं आवेदक गण उपस्थित रहे। बैठक में लोकसभा निर्वाचन 2024 में पांच प्रकरणों में जप्त की गई नकद राशि के संबंधित को रिलीज करने के संबंध में चर्चा की गई।
अपील समिति द्वारा सभी संबंधितों से बारी-बारी से पक्ष सुना गया। समिति में निर्णय हुआ कि इन प्रकरणों में राशि जप्ती की एफआईआर थाने में की गई है, या नहीं। इसके अनुसार राशि रिलीज करने की कार्यवाही की जाएगी। उतैली के आनंद कुमार गुप्ता से 2 लाख 3 हजार 348 रूपये, पर्ण कुटी चित्रकूट के प्रवीण पाण्डेय से 61 हजार, पुतरी चुआ के वेद नारायण से 65 हजार, प्रयागराज यूपी के बृजेश सिंह से 50 हजार तथा थाना सलेहा पन्ना के कृष्ण कुमार चौरसिया से 67 हजार 960 रूपये की नकद राशि जप्त हुई थी।