कलेक्टर प्रतिभा पाल ने फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के संबंध में बताया है कि सभी को बूथ पर ही फाईलेरिया की दवा खिलाने का प्रयास करें। जिला शिक्षा अधिकारी सभी स्कूलों में तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास भी आंगनवाड़ी केन्द्रों में फाईलेरिया की दवा खिलाने की व्यवस्था करें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सभी विकासखण्डों में आकस्मिक उपचार दल तैनात रखें। दवा खाने के बाद कभी-कभी उल्टी, बुखार जैसी शिकायत होती है। मेडिकल टीम तत्काल पहुंचकर इसका उपचार करे।
कलेक्टर ने कहा है कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए 3 दवाएं एल्बेंडाजोल, डीईसी तथा एक अन्य गोली दी जा रही है यह पूरी तरह से सुरक्षित है। इन दवाओं को खाली पेट नहीं लेना है। इसलिए सभी व्यक्तियों को भोजन अथवा नाश्ता करके ही दवा लेने के संबंध में जागरूक करें। फाइलेरिया का कीटाणु शरीर में प्रवेश करने के बाद 20 वर्षों बाद तक असर दिखाता है। इसलिए बुखार या अन्य लक्षण न होने पर भी सभी को फाइलेरिया की दवा अवश्य लेनी है। अभियान में दवा खिलाने के लिए तैनात करने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण के दौरान दवा बांटने के स्थान पर दवा खिलाने के लिए प्रेरित करें। जिस तरह सबके सहयोग और प्रयासों से पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाया गया उसी तरह यह अभियान भी सफल होगा।
ये रहेगा अभियान
अभियान के तहत 2 साल से अधिक आयु के सभी व्यक्तियों को फाइलेरिया नियंत्रण के लिए तीन दवाएं खिलाई जायेगी। दवा 10 से 13 फरवरी को बूथ स्तर पर खिलाई जायेगी। जो व्यक्ति दवा खाने से वंचित रह जायेंगे उन्हें 14 से 19 फरवरी तक घर-घर जाकर दवा खिलाई जायेगी। दवा खिलाने का फालोअप 20 से 23 फरवरी तक लिया जायेगा। दवा खिलाने के लिए हर बूथ पर दो प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात रहेंगे। अभियान में 250 से 400 व्यक्तियों को दवा खिलाने के लिए एक दल तैनात रहेगा। अभियान में 2 साल से कम आयु के बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा गंभीर रोग से पीड़ितों को दवा नहीं खिलाई जायेगी।
कलेक्टर आज करेंगी टीएल पत्रों की समीक्षा
कलेक्ट्रेट सभागार में 5 फरवरी को प्रात: 11 बजे से आयोजित बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल टीएल पत्रों के निराकरण की समीक्षा करेंगी। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण तथा राजस्व महाअभियान की भी समीक्षा की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कमिश्नर संभागीय बैठक में आज करेंगे समीक्षा
रीवा संभाग की संभागीय समीक्षा बैठक 5 जनवरी को उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में आयोजित की गयी थी। बैठक में लिए गये निर्णयों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्यवाही की जा रही है। कमिश्नर गोपालचन्द्र डाड 5 फरवरी को कमिश्नर कार्यालय में प्रात: 11.30 बजे से आयोजित बैठक में संभागीय समीक्षा बैठक के निर्देशों में विभागों द्वारा की गयी कार्यवाही की समीक्षा करेंगे। एजेण्डा बिन्दुओं से जुड़े सभी अधिकारियों को अद्यतन जानकारी के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये हैं।
