निकटवर्ती जिले में मतदान होने तक सक्रिय रहेगी एफएसटी

Satnafirst Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now

सतना 29 अप्रैल. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिये घोषित कार्यक्रमानुसार पूरे देश में मतदान की प्रक्रिया सात चरणों में संपन्न हो रही है। इसका पहला और दूसरा चरण संपन्न हो चुका है। आगामी चरणों की मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने सतना संसदीय क्षेत्र की सीमा से लगने वाले उत्तरप्रदेश राज्य के संसदीय क्षेत्र बांदा में 20 मई को होने वाले मतदान के लिये फ्लाइंग स्कवाड टीम (एफएसटी) गठित कर विधानसभावार अधिकारियों-कर्मचारियों की तैनाती की है।

यह फ्लाइंग स्कवाड टीम मतदान संपन्न होने तक 24 घंटे सतत् व्यय निगरानी करेगी। टीम के प्रमुख अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचन के दौरान क्षेत्र का भ्रमण कर चुनाव को प्रभावित करने वाली नकदी का अवैध आदान-प्रदान, शराब का वितरण या अन्य कोई संदेहास्पद वस्तु जो मतदाताओं को घूस देने में प्रयोग की जा रही हो, उस पर निगरानी बनाये रखना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही कार्यवाही की सूचना निर्धारित प्रारुप में एआरओ, पुलिस एवं नोडल अधिकारी निर्वाचन व्यय लेखा को देना सुनिश्चित करेंगे।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा द्वारा जारी आदेशानुसार विधानसभा चित्रकूट में 3 तथा विधानसभा रैगांव, सतना, नागौद, मैहर, अमरपाटन एवं रामपुर बघेलान में एक-एक टीम व्यय निगरानी का कार्य करेगी। प्रत्येक टीम में एक अधिकारी टीम प्रमुख के रुप में एवं एक पुलिस आरक्षक सदस्य के रुप में शामिल किया गया है।

Share This Article