सतना 15 अप्रैल. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 85 प्लस आयु वर्ग और पीडब्ल्यूडी मतदाताओं द्वारा घर से मतदान सुविधा चाहने वाले मतदाताओं को मतदान दलो द्वारा होम वोटिंग कराई गई। मैहर विधानसभा के ग्राम पोंड़ी में चल रही होम वोटिंग प्रक्रिया का सामान्य प्रेक्षक डॉ एस सुरेश कुमार ने जायजा लिया।
इस दौरान उन्होने 101 वर्षीय वृद्ध महिला कोली कुशवाहा की वोटर आईडी और मतदान पर्ची का मिलान भी किया। साथ ही आयोग की गाइडलाईन के अनुसार होम वोटिंग के लिये किये गये प्रबंधों का भी अवलोकन किया।
कलेक्टर मैहर और एसपी ने मतदान केंद्रो का किया निरीक्षण
कलेक्टर मैहर रानी बाटड और पुलिस अधीक्षक सुधीर अग्रवाल ने ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मतदान केन्द्रों पर बुनयादी सुविधायें जैसे रैम्स, बिजली, पानी, छाया, भवन की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्टर और एसपी ने ग्राम पंचायत जरियारी में स्थित पोलिंग बूथ का निरीक्षण करते हुये केंद्र की भौतिक स्थिति, आवागमन के मार्ग सहित केंद्र में प्रकाश, पेयजल व्यवस्था के संबंध में पटवारियों और बीएलओ से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील और वर्नरेबल क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने के साथ ही मतदाताओं को डराने, धमकाने या प्रलोभन देने की शिकायतों अथवा सूचनाओं पर तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिये।
