नामांकन प्रक्रिया का सामान्य प्रेक्षक ने लिया जायजा

Satnafirst Desk
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now

सतना 4 अप्रैल. लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिये नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया 28 मार्च से 4 अप्रैल तक संयुक्त कलेक्ट्रेट सतना के कक्ष क्रमांक एफ-2 न्यायालय जिला मजिस्ट्रेट सतना में हुई।

नाम-निर्देशन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन गुरुवार को निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक डॉ एस सुरेश कुमार ने रिटर्निंग ऑफिसर कक्ष पहुंचकर नामांकन प्राप्त करने की प्रक्रिया का जायजा लिया।

आखिरी दिन 13 अभ्यर्थियों ने भरे नामांकन

द्वितीय चरण के अंतर्गत 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की आखिरी तिथि 4 अप्रैल 2024 की अपरान्ह 3 बजे तक 13 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं। नामांकन भरने की प्रारंभ तिथि 28 मार्च से आखरी तिथि तक कुल 22 अभ्यर्थियों ने लोकसभा क्षेत्र सतना के रिटर्निंग ऑफिसर अनुराग वर्मा के समक्ष अपने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए हैं।

आखिरी दिन 4 अप्रैल को नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने वालों में इण्डियन नेशनल कांग्रेस से सिद्धार्थ कुशवाहा, मानवीय भारत पार्टी से अजीज अहमद कुरैशी, बहुजन समाज पार्टी से नारायण प्रसाद, राष्ट्रीय दलित आदिवासी महासभा से सुखलाल, राष्ट्रीय समाज पक्ष से शैलेन्द्र कुमार तथा निर्दलीय अभ्यर्थी के रुप में रायवेन्द्र, चन्द्रभान, दुर्गेश कुमार, कलीम अहमद, शिववरण, छेदीलाल, सफी उल्ला खान एवं राहुल दाहिया ने अपने पर्चे दाखिल किये। इसके पूर्व गणेश सिंह ने भारतीय जनता पार्टी से, अजीत ने पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) से, अशोक कुमार गुप्ता ने भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से, हरिशंकर प्रसाद ने भारतीय जनमोर्चा पार्टी से, रंजना मिश्रा ने न्याय धर्मसभा पार्टी से, अशोक कुमार ने बहुजन द्रविड़ पार्टी से, ननकू ने अखिल भारतीय हिंद क्रांति पार्टी से तथा अशोक कुमार और ऋषभ सिंह उर्फ रिषभ सिंह निर्दलीय अपने नामांकन पर प्रस्तुत कर चुके हैं। इस प्रकार सतना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र-9 के लिए कुल 22 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए है। रिटर्निंग ऑफिसर अनुराग वर्मा 5 अप्रैल को प्रातः 11 बजे से रिटर्निंग ऑफिसर कक्ष में नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा करेंगे। अभ्यर्थिता से नाम वापसी 8 अप्रैल को अपरान्ह 3 बजे तक की जा सकेगी।

Share This Article