सतना में सबसे ज्यादा 22 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन

Satnafirst Desk
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now

भोपाल, मध्य प्रदेश में दूसरे चरण में सतना सहित सात संसदीय क्षेत्रों में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होना है, इसके लिए नामांकन भरने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। सतना संसदीय क्षेत्र से सबसे ज्यादा 22 उम्मदीवारों ने नामांकन किए है।
लोकसभा निर्वाचन 2024 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 26 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की आखिरी तिथि 4 अप्रैल 2024 की अपरान्ह 3 बजे तक 13 अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए हैं। नामांकन भरने की प्रारंभ तिथि 28 मार्च से आखरी तिथि तक कुल 22 अभ्यर्थियों ने लोकसभा क्षेत्र सतना के रिटर्निंग ऑफिसर अनुराग वर्मा के समक्ष अपने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए हैं।
आखिरी दिन 4 अप्रैल 2024 को नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने वालों में इण्डियन नेशनल कांग्रेस से सिद्धार्थ कुशवाहा, मानवीय भारत पार्टी से अजीज अहमद कुरैशी, बहुजन समाज पार्टी से नारायण प्रसाद, राष्ट्रीय दलित आदिवासी महासभा से सुखलाल, राष्ट्रीय समाज पक्ष से शैलेन्द्र कुमार तथा निर्दलीय अभ्यर्थी के रुप में रायवेन्द्र, चन्द्रभान, दुर्गेश कुमार, कलीम अहमद, शिववरण, छेदीलाल, सफी उल्ला खान एवं राहुल दाहिया ने अपने पर्चे दाखिल किये। इसके पूर्व गणेश सिंह ने भारतीय जनता पार्टी से, अजीत ने पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) से, अशोक कुमार गुप्ता ने भारतीय शक्ति चेतना पार्टी से, हरिशंकर प्रसाद ने भारतीय जनमोर्चा पार्टी से, रंजना मिश्रा ने न्याय धर्मसभा पार्टी से, अशोक कुमार ने बहुजन द्रविड़ पार्टी से, ननकू ने अखिल भारतीय हिंद क्रांति पार्टी से तथा अशोक कुमार और ऋषभ सिंह उर्फ रिषभ सिंह निर्दलीय अपने नामांकन पर प्रस्तुत कर चुके हैं। इस प्रकार सतना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र-9 के लिए कुल 22 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र जमा किए है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया है कि लोकसभा निर्वाचन-2024 के निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण के लिये नाम-निर्देशन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। दूसरे चरण के लिये नामांकन भरने के अंतिम दिन 56 अभ्यर्थियों ने 84 नाम-निर्देशन पत्र प्रस्तुत किये। दूसरे चरण में कुल 109 अभ्यर्थियों द्वारा 157 नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किये जा चुके हैं।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजन ने बताया है कि लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-6 टीकमगढ़ (अजा) में 10 अभ्यर्थियों द्वारा 13 नाम-निर्देशन पत्र, लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-7 दमोह में 18 अभ्यर्थियों द्वारा 23 नाम-निर्देशन पत्र, लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-8 खजुराहो में 19 अभ्यर्थियों द्वारा 23 नाम-निर्देशन पत्र, लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-9 सतना में 22 अभ्यर्थियों द्वारा 39 नाम-निर्देशन पत्र, लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-10 रीवा में 19 अभ्यर्थियों द्वारा 27 नाम-निर्देशन पत्र, लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-17 नर्मदापुरम में 12 अभ्यर्थियों द्वारा 18 नाम-निर्देशन पत्र एवं लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-29 बैतूल (अजजा) में 9 अभ्यर्थियों द्वारा 14 नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किये गये हैं।
उन्होंने बताया कि 5 अप्रैल को नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। नाम-निर्देशन पत्र भर चुके प्रत्याशी 8 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल को मतदान होगा। सभी चरणों में किये गये मतदान की गणना 4 जून को होगी।

Share This Article