सतना 6 मार्च. लाल परेड ग्राउंड भोपाल में मंगलवार को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की नगरीय निकाय एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। साथ ही उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनायें दी।
जिला पंचायत सतना सभागार में सांसद गणेश सिंह ने किया नियुक्ति पत्र वितरित
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के विभिन्न विभागों में चयनित 8837 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किये एवं सभी को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनायें दी। जिला पंचायत सतना के सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह ने 121 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को प्रतीक स्वरूप नियुक्ति पत्र वितरित किया। इनमें राजस्व विभाग के 65, लोक स्वास्थ्य विभाग के 15, कृषि विभाग के 39 तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 2 नव नियुक्त अभ्यर्थी शामिल है।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में राज्य स्तरीय कार्यक्रम तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की संबोधन का वर्चुअल प्रसारण अतिथियों की उपस्थितियों में नव नियुक्त अभ्यर्थियों द्वारा बड़ी स्क्रीन में देखा गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, महापौर योगेश ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुस्मिता सिंह, अपर कलेक्टर ऋषि पवार सहित अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नव नियुक्त अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
सांसद सिंह ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें देते हुए कहा कि छोटी नौकरी से शुरूआत होने के बावजूद आपके जीवन में खुशहाली आयेगी और परिवार सुखी रहेगा। लेकिन अध्ययन करना और आगे बढ़ने का रास्ता बंद मत करना। जीवन में जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाये तब तक रूकना नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश में रोजगार के बड़े अवसर उपलब्ध कराये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने देश को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ रोजगार उपलब्ध कराने के लिए स्टार्ट अप और मुद्रा बैंक लोन योजना की शुरूआत की। एमएसएमई सेक्टर को पर्याप्त राशि पहुंचाई। बड़ी इण्डस्ट्री लगवाई तथा दूसरे देशों को निवेश के लिए प्रोत्साहित किया। बहुत सारी मल्टीनेशनल कम्पनियां देश में आई योग्यता के आधार पर लाखों लोगों को रोजगार मिला। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सरकारी नौकरियों में लगी रोक को हटाते हर तीन महीने में नियुक्ति का मेला लगाकर लाखों युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरण प्रारंभ किया।
सांसद सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का सबसे संपन्न और विकसित राज्य बनने की ओर अग्रसर है। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा महापौर ने भी विभिन्न विभागों के नव नियुक्त अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए ईमानदारी पूर्वक अपने-अपने सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करने का आग्रह किया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
