उज्जैन 08 मार्च. सांसद एवं प्रख्यात अभिनेत्री, नृत्यांगना हेमा मालिनी ने गुरूवार को महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ बिड़ला भवन परिसर में ‘आर्ष भारत’ भारतीय ऋषि वैज्ञानिक परम्परा, विक्रमकालीन मुद्रा एवं मुद्रांक, श्रीकृष्ण चौंसठ कलाएं, मालवा की चित्रावन शैली में एवं श्रीकृष्ण होली पर्व लघु चित्रों में श्रीकृष्ण की छवियां पर आधारित प्रदर्शनी का दीप प्रज्वलन कर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रदर्शनी की प्रशंसा की।
भारतीय ऋषि वैज्ञानिक परंपरा पर केन्द्रित प्रदर्शनी आर्ष भारत में लगभग 120 से अधिक ऋषियों के जीवन और उनके योगदान को प्रदर्शित किया गया है। इस प्रदर्शनी में देशभर के 25 से अधिक चित्रकारों द्वारा बनाये गये चित्रों को प्रदर्शित किया गया है। इस प्रदर्शनी में अश्विनी शोध संस्थान के सहयोग से विक्रमकालीन मुद्रा एवं मुद्रांकों को प्रदर्शित किया गया है।
इसके अलावा जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी के सहयोग से मालवा की चितरावन शैली में लोक कलाकार अनिल धूलजी शर्मा द्वारा बनाये गये श्रीकृष्ण की चौंसठ कलाओं पर आधारित चित्रों के साथ ही भारतीय लघु चित्र शैली में श्रीकृष्ण : होली पर्व व कृष्ण की छवियाँ प्रदर्शित की गयी है। यह प्रदर्शनी 7 मार्च से 9 अप्रैल तक सुबह 10:30 से रात 8 बजे तक सभी के अवलोकनार्थ खुली रहेगी।
इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर श्री मुकेश टटवाल, सभापति कलावती यादव, सर्वश्री विवेक जोशी, संजय अग्रवाल, नरेश शर्मा, जगदीश पांचाल, विशाल राजौरिया, मुकेश यादव, श्रीराम तिवारी, शैलेंद्र कुमार शर्मा आदि उपस्थित थे।
हेमा मालिनी ने महाकाल दर्शन कर की पूजा-अर्चना
सांसद एवं प्रख्यात अभिनेत्री हेमा मालिनी ने उज्जैन प्रवास के दौरान प्रदर्शनी उद्घाटन के पूर्व इस्कॉन मन्दिर एवं प्रदर्शनी उद्घाटन के बाद महाकालेश्वर मन्दिर पहुंचकर देवदर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूजा-अर्चना महाकाल मन्दिर में पं.यश गुरू ने सम्पन्न करवाई।
