नकुल नाथ के पास 649 करोड़ की संपत्ति, शपथ पत्र में दी जानकारी

Satnafirst Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now

भोपाल, 29 मार्च. मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में एमपी के छिंदवाड़ा सीट से नामांकन दाखिल किया है। 49 साल के नकुलनाथ ने अपने शपथ पत्र में बताया है कि साल 2022-23 में उन्हें 7,89,90,338 रुपए आमदनी हुई। उनकी पत्नी प्रिया को 2022-23 में 4,39,75,107 रुपए आमदनी हुई। नकुलनाथ के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं हुआ है, न ही उन्हें किसी मामले में दोषी करार दिया गया है।

नकुलनाथ ने अपने शपथ पत्र में बताया है कि उनके पास 649 करोड़ 51 लाख 96 हजार 174 रुपए और उनकी पत्नी के पास 19 करोड़ 20 लाख 17 हजार 294 रुपए की चल संपत्ति है। नकुलनाथ के पास 48 करोड़ 7 लाख, 86 हजार, 443 रुपए की अचल संपत्ति है। सोना और गहनों की बात करें तो नकुलनाथ के पास 2 करोड़ 2 लाख 81 हजार 886 रुपए के गहने हैं। वहीं, उनकी पत्नी के पास 2 करोड़ 75 लाख 72 हजार रुपए के गहने हैं। इनमें से 850.660 ग्राम सोने का गहना है। 881.31 कैरेट हीरा और अन्य स्टोन के गहने हैं। नकुलनाथ ने अपने पिता कमलनाथ को 12 लाख रुपए लोन दिया है।

हलफनामे के अनुसार नकुल के पास 44.97 लाख रुपए नकद और उनकी पत्नी प्रिया के पास 43,866 रुपए नकद हैं। उनके बैंक अकाउंट भारत के अलावा बहरीन में भी हैं। नामांकन दाखिल करने के बाद नकुलनाथ ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि छिंदवाड़ा की जनता मुझे फिर से अपना प्यार और आशीर्वाद देगी। उनके साथ मौजूद कमलनाथ ने कहा, “मुझे छिंदवाड़ा की जनता पर पूरा भरोसा है कि वे सच्चाई का साथ देंगे। छिंदवाड़ा की जनता से मेरा रिश्ता राजनीतिक नहीं, पारिवारिक है।” बता दें कि 2019 में नकुलनाथ ने छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से भाजपा के नाथन शाह को हराया था। छिंदवाड़ा में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा।

Share This Article