107 अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र पाए गए विधिमान्य

Satnafirst Desk
3 Min Read

– नाम निर्देशन-पत्रों की हुई संवीक्षा. 6 अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र नहीं पाये विधिमान्य

भोपाल, 29 मार्च.  लोकसभा निर्वाचन-2024 के निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण के लिये प्राप्त नाम निर्देशन पत्रों की आज संवीक्षा की गई। इस दौरान कुल 107 अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र विधिमान्य पाए गये। संवीक्षा में छह अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र विधिमान्य नहीं पाये गये।
WhatsApp Group Join Now

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि 28 मार्च को नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा उपरांत लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-11 सीधी में 20 अभ्यर्थियों, लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-12 शहडोल (अजजा) में 10 अभ्यर्थियों, लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-13 जबलपुर में 21 अभ्यर्थियों, लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-14 मंडला (अजजा) में 16 अभ्यर्थियों, लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-15 बालाघाट में 17 अभ्यर्थियों एवं लोकसभा संसदीय क्षेत्र क्रमांक-16 छिन्दवाड़ा में 23 अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र विधिमान्य पाये गये हैं।

सभी अभ्यर्थियों के शपथ पत्र एवं अन्य जानकारियां भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट की लिंक https://affidavit.eci.gov.in/ पर देखी जा सकती हैं।

राजन ने बताया कि पहले चरण के लिये नामांकन दाखिल कर चुके प्रत्याशी शनिवार, 30 मार्च तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। पहले चरण के लिए शुक्रवार, 19 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना 4 जून को होगी।

29 से 31 मार्च और एक अप्रैल को अवकाश रहेगा

लोकसभा निर्वाचन में दूसरे चरण के लिए 5 दिन नाम निर्देशन पत्र जमा होंगे। उन्होंने बताया कि लोकसभा निर्वाचन के दूसरे चरण के लिए 28 मार्च से नाम निर्देशन भरने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। दिनांक 29 मार्च को गुड फ्राइडे का शासकीय अवकाश, 31 मार्च को रविवार और एक अप्रैल को बैंकों में अवकाश की वजह से नाम निर्देशन पत्र जमा नहीं होंगे। दूसरे चरण के लिए नाम निर्देशन पत्र करने की अंतिम तारीख 4 अप्रैल 2024 है।

निक्षेप राशि निर्धारित

चुनाव लड़ने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निक्षेप राशि (जमानत राशि) निर्धारित की गई है। नाम निर्देशन पत्र के साथ अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थी को 25 हजार रूपये और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी को 12 हजार 500 रुपये निक्षेप राशि जमा करानी होगी।

Share This Article