रीवा . राजस्व महाअभियान में राजस्व प्रकरणों के निराकरण में शिथिलता बरतने पर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने विभिन्न राजस्व अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जवा रामनिवास सिंह सिकरवार, तहसीलदार त्योंथर राजेश तिवारी, नायब तहसीलदार त्योंथर द्वारिका प्रसाद दहायत, नायब तहसीलदार अतरैला लालाराम सूर्यवंशी, नायब तहसीलदार लालगांव रमाकांत तिवारी, नायब तहसीलदार गढ़ साधना सिंह तथा नायब तहसीलदार डेल्ही मनोज सिंह को राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के समय सीमा में निराकरण न करने पर बरती गई लापरवाही व स्वेच्छाचारिता पर कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तथा दो दिवस में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए लेख किया है कि क्यों न आपके निलंबन का प्रस्ताव आयुक्त रीवा संभाग की ओर प्रेषित किया जाए।
कलेक्टर प्रतिभा पाल द्वारा समिति प्रबंधक/केन्द्र प्रभारी महेश वेयर हाउस पाली को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी केन्द्र में जांच के दौरान भरे हुए बोरों में टैग पर किसान पंजीयन कोड अंकित न होने, बोरियों में अधिक मात्रा में धान भरे होने तथा किसान बलवंत मिश्रा की धान का सर्बेयर से परीक्षण कराने पर बदरंग का प्रतिशत 5.28 पाये जाने तथा धान खरीदी वेयर हाउस के अंदर किये जाने का उल्लंघन पाये जाने पर कलेक्टर द्वारा नोटिस जारी किया है।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने समिति प्रबंधक/केन्द्र प्रभारी सेवा सहकारी समिति खैरा क्रमांक एक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उल्लेखनीय है कि उपार्जन केन्द्र के निरीक्षण के दौरान केन्द्र में किसानों की ट्राली से बोरी सीधे उपार्जन केन्द्र के वारदानों में पलटी जा रही थी तथा सिंलाई की गई बोरियों में टैग नहीं लगा था। सिली हुई बोरियों की तौल करने पर 40.580 कि.ग्रा. से अधिक वजन धान किसानों द्वारा ली जा रही थी तथा एक बोरी में निर्धारित वजन से कम धान पाई गई.
इससे स्पष्ट है कि बोरी से धान निकालकर सिलाई की गई। कलेक्टर ने केन्द्र प्रभारी को खरीदी केन्द्र के ब्लैकलिस्टेड करने, धान की वसूली करने तथा अभियोजन की कार्यवाही किये जाने संबंधी नियत समय पर जबाव प्रस्तुत करने का नोटिस जारी किया है।
