सतना 8 फरवरी. नगर पंचायतों द्वारा राजस्व वसूली में कमजोरी बरतने पर जिले के चित्रकूट और रामपुर बघेलान नगर पंचायतों को छोड़कर अन्य सभी नगर पंचायतों के सीएमओ को नोटिस जारी की गई है।
कलेक्टर अनुराग वर्मा ने गुरुवार को नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री आवास शहरी, स्वच्छता मिशन, पेयजल की स्थिति, पीएम स्वनिधि, एनयूएलएम, राजस्व वसूली मद, सीएम अधोसंरचना मद की समीक्षा की। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में सबसे कमजोर प्रगति 51 प्रतिशत नगर पंचायत नागौद की पाई गई। उचेहरा में 53 प्रतिशत, रामपुर बघेलान 80 प्रतिशत, कोटर 86 प्रतिशत, कोठी 92 प्रतिशत, बिरसिंहपुर 60 प्रतिशत की उपलब्धि रही।
कलेक्टर ने कहा कि पीएम स्वनिधि में नगर निगम सतना को शत-प्रतिशत उपलब्धि पर भारत सरकार का प्रशस्ति पत्र मिला है और नगर पंचायत योजना के कार्यों में गंभीरता नहीं बरत रही। इसी प्रकार राजस्व वसूली में चित्रकूट और रामपुर बघेलान नगर पंचायत की वसूली 60 प्रतिशत से अधिक रही। कलेक्टर ने शेष नगर पंचायतों में 50 प्रतिशत से कम वसूली होने पर दो नगर पंचायत छोड़कर शेष सभी सीएमओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।
