– भोपाल से बेंगलुरु के लिए भी फिर से हवाई सेवा,
– ऐसा रहेगा पूरा शेड्यूल.
भोपाल. 26 फरवरी. अगर आप भी हवाई यात्रा करते है. आपके लिए खुशखबरी है. अब ग्वालियर से मुंबई, भोपाल से बैंगलुरु, दिल्ली से जबलपुर और मुंबई से जबलपुर जाना बेहद आसान होने वाला है। फरवरी से मार्च के बीच में इन सभी शहरों से सीधी उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है।
कल से ग्वालियर से मुंबई की फ्लाइट
27 फरवरी से ग्वालियर से मुंबई के लिए एक और फ्लाइट शुरू होने जा रही है।यह फ्लाइट अकासा एयरलाइंस द्वारा शुरू की जा रही है। फिलहाल यह फ्लाइट हफ्ते में एक दिन चलेगी। यह ग्वालियर से मुंबई और मुंबई से ग्वालियर आने में 2 घंटे का समय लेगी। इससे पहले भी एक डेली और एक वीकली फ्लाइट मुंबई से ग्वालियर और ग्वालियर से मुंबई के लिए संचालित की जा रही है।
मुंबई से ग्वालियर के लिए फ्लाइट क्रमांक 1147 दोपहर 12:10 पर मुंबई से उड़ान भरेगी, जो ग्वालियर दोपहर 2:00 बजे तक पहुंच जाएगी। ग्वालियर से मुंबई के लिए फ्लाइट नंबर 1148 दोपहर 2:40 पर उड़ान भरेगी और मुंबई 4:40 पर पहुंच जाएगी। इस तरह यह आवागमन में महज 2 घंटे का समय लेगी। इसकी जानकारी खुद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दी है।
भोपाल से बेंगलुरु के बीच इंडिगो की इवनिंग उड़ान 29 फरवरी से
29 फरवरी से उड़ान संख्या 6-ई 6465/66 बेंगलुरू-भोपाल-बेंगलुरू के शेड्यूल पर नजर डाले, तो यह बेंगलुरु से शाम 06.20 बजे प्रस्थान करेगी और भोपाल रात्रि : 08.15 बजे पहुंचेगी।वही भोपाल से रात 08.45 बजे उडान भरेगी और बेंगलुरु में रात 10.55 बजे पहुंचेगी। वर्तमान में भोपाल से बेंगलुरु के लिए सुबह 10 बजे उड़ान टेकआफ होती है। इवनिंग उड़ान रात्रि नौ बजे रवाना होगी। 29 फरवरी से शुरू हो रही उड़ान में छह से सात हजार रुपये में सीट मिल सकती है।
मार्च से दिल्ली से जबलपुर के लिए सीधी फ्लाइट, ऐसा रहेगा शेड्यूल
स्पाइसजेट द्वारा दिल्ली से जबलपुर और मुंबई से जबलपुर की सीधी उड़ान सेवा फिर से शुरू होने जा रही है। दिल्ली से जबलपुर के लिए सीधी उड़ान 1 मार्च 2024 से शुरू होगी। दिल्ली और जबलपुर के बीच उड़ान सेवा 1 मार्च 2024 से सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। मुंबई से जबलपुर के बीच उड़ान सेवा 2 मार्च 2024 से संचालित होगी।
बता दे कि जबलपुर डुमना हवाई अड्डे से अभी इंदौर, हैदराबाद, मुंबई, दिल्ली और बिलासपुर के लिए फ्लाइट्स चलती हैं। जबलपुर में अभी फिलहाल दो कंपनियां एयर एलाइंस और इंडिगो अपनी सेवाए दे रही है और अब स्पाइसजेट द्वारा भी फ्लाइट्स संचालित की जाएंगी। इसकी जानकारी खुद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दी थी। —
