WhatsApp Group Join Now
सतना, 20 फरवरी. नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि हमारे किसानों द्वारा उगाये गये अन्न से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। साथ ही प्रदेश का किसान आर्थिक रुप से सशक्त भी हो रहा है। सरकार की फसलों पर समर्थन मूल्य देने की नीति से किसानों की आर्थिक उन्नति हुई है। सरकार का किसानों से दोगुनी आय करने के संकल्प को पूरा करने में गति मिली है।
राज्यमंत्री ने कहा कि हमारे किसानों द्वारा उगाई गई फसल रुपी से सोने का सेवन करनें से हमें कार्य करने की शक्ति मिलती है। वास्तव में अन्नदाता ही हमारा जीवन दाता है। राज्यमंत्री बागरी ने मंगलवार को एकेएस विश्वविद्यालय सतना में प्रदेश स्तरीय तृतीय कृषि विज्ञान मेले का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पद्मश्री बाबूलाल दहिया, निशांत कुमार टाक, महाप्रबंधक कृषि जागरण डॉ.दिनेश कुमार, कृषि वैज्ञानिक ए.के. चतुर्वेदी, साउथ अफ्रीका से तोजामा कुलाटी सिविसा, डॉ. आर.पी. चौधरी, भरत मिश्रा, बी.के. खरे, उप संचालक कृषि मनोज कश्यप, संचालक आत्मा परियोजना राजेश त्रिपाठी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह परिहार, नेपाल झा, जयप्रताप बागरी, कृषि विज्ञान केंद्र मझगवां से डॉ. आर.एस. नेगी सहित बड़ी संख्या में किसान और विश्वविद्यालय के एग्रीकल्चर संकाय के विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रोफे. डॉ. आर.सी. त्रिपाठी ने किया।
रसायन मुक्त खेती की ओर बढ़ें किसान
राज्यमंत्री बागरी ने कृषि मेले का शुभारंभ करते हुये कहा कि मेले की थीम इम्पावरिंग द फॉर्मर थू्र नेचुरल आर्गेनिक फॉर्मिंग पर आगे बढ़ते हुये किसान जैविक और प्राकृतिक खेती को अपनायें और रसायन मुक्त खेती को महत्व दें। प्राकृतिक और जैविक खेती सभी मायनों में हमारे स्वास्थ्य और मृदा स्वास्थ्य के लिये लाभप्रद हैं।
अतिथियों द्वारा मेले का उद्घाटन एवं कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। अतिथियों का स्वागत एवं परिचय डॉ. हर्षवर्धन ने दिया। इसके पश्चात अधिष्ठाता कृषि एवं तकनीकी संकाय डॉ. एस.एस. तोमर ने कृषि विज्ञान मेले का उद्देश्य निरूपित किया।
