Satnafirst Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now

सतना 31 मई. जिले में पिछले 5 से 6 दिनों में तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है। प्रातः 10 बजे से ही गर्म हवाएं चलने लगती हैं। जिसके कारण लू लगने की आशंका बढ़ गई है। जिले का तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। नौतपा में रात और दिन का तापमान लगातार अधिक बना हुआ है। दिन ढलने के बाद भी लगभग दो-तीन घंटे तक गर्म हवाओं का प्रकोप रहता है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एलके तिवारी ने आमजनों को लू से बचाव की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि लू से बचने के लिए जन सामान्य ज्यादा समय तक घर पर ही रहें। दिन में 10 बजे के बाद गर्म हवाओं का प्रकोप हो जाता है। आमजन अति आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकले। घर से बाहर निकलते समय पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। खाली पेट घर से बाहर न जायें। इससे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। दिन में कम से कम 12 से 15 गिलास पानी जरूर पियें।

लू से बचाव के लिए देशी घरेलू उपाय अपनाएं। बाहर निकलते समय सूती कपड़े से चेहरा और सर ढककर रखें तथा पानी साथ में जरूर रखें। पहनने के लिए सूती कपड़ों का अधिक उपयोग करें। लू से बचने के लिए खरबूज, तरबूज, ककड़ी, खीरा, आदि मौसमी फलों का सेवन करें। बेल, सौंफ, पुदीना, धनिया आदि के शरबत तथा छांछ के उपयोग से भी लू से बचाव होता है। कच्चे आम का पना तथा कच्ची प्याज का उपयोग भी लू से बचाता है। अगर लू के लक्षण जैसे मिचली आने, गला सूखने तथा बुखार का प्रकोप होने पर तत्काल डॉक्टर से संपर्क करके उचित उपचार करायें।

Share This Article