मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत व्यक्ति ही कर सकेंगे प्रवेश

Satnafirst Desk
6 Min Read
सतना, 25 मई. लोकसभा निर्वाचन 2024 में सतना संसदीय क्षेत्र के लिए मतगणना 4 जून को प्रातः 8 बजे से शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में आरंभ होगी। मतदान में उपयोग हुईं ईवीएम और वीवीपैट को कड़ी सुरक्षा के साथ विधानसभावार बनाये गये स्ट्रांग रुम में रखा गया है।
इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन 2024 की मतगणना के लिये अब 10 दिनों का समय ही शेष है। मतगणना कार्य के लिये प्रभावी तैयारियां की जा रहीं है। सभी व्यवस्थायें निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों के अनुरुप की जा रहीं हैं। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गये हैं। मतगणना हाल के अंदर केवल अधिकृत व्यक्ति को ही प्रवेश दिया जाएगा। इनमें गणना पर्यवेक्षक और गणना सहायक, निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत व्यक्ति, निर्वाचन के संबंध में कर्तव्यरूढ़ लोकसेवक एवं उम्मीदवार तथा उनके निर्वाचन और गणना अभिकर्ता शामिल रहेंगे। मतगणना केन्द्र परिसर में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है।
मतगणना एजेंटों, मतगणना में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पत्रकारों को निर्धारित स्थल से ही मतगणना केन्द्र परिसर में प्रवेश दिया जायेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा दिये गये निर्देशो के अनुसार “निर्वाचन के संबंध में कर्तव्यरूढ़ लोकसेवक” के अंतर्गत सामान्य रूप से पुलिस अधिकारी नहीं आते हैं, ऐसे अधिकारियों को चाहे वे वर्दी में हों, या सादी वर्दी में, सामान्य नियमानुसार काउंटिंग हॉल के अंदर आने की अनुमति नहीं दी जायेगी जब तक कि उन्हें कानून और व्यवस्था बनाए रखने या किसी भी प्रकार के अन्य प्रयोजन से अंदर बुलाने का निर्णय न लिया जाए। किसी भी परिस्थिति में गणना के स्थान में अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाए। केवल वैध प्रवेश पत्रधारी व्यक्ति ही मतगणना स्थल में प्रवेश कर सकेंगे।

मतगणना सुपरवाइजर, सहायक, माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण आज से

WhatsApp Group Join Now

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में लोकसभा निर्वाचन 2024 के मतगणना कार्य में संलग्न मतगणना सुपरवाइजर, सहायक और माइक्रो आब्जर्वर का प्रशिक्षण 25 और 26 मई को जिला पंचायत सतना के सभागार में दो पालियों में आयोजित होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि प्रथम पाली का प्रशिक्षण प्रातः 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एवं द्वितीय पाली का प्रशिक्षण दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक आयोजित होगा।

कलेक्टर वर्मा ने प्रशिक्षण कार्य के लिये नियुक्त मास्टर ट्रेनर बीएल बागरी, संजय गुप्ता और विनोद खरे को निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित रहकर मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश दिये हैं। इसके साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले संबंधितों को भी अनिवार्य रुप से प्रशिक्षण में उपस्थित रहने को कहा गया है।

प्रेक्षकों के सहयोग के लिये लाइजनिंग ऑफीसर्स नियुक्त

सतना संसदीय क्षेत्र के लिए मतगणना 4 जून को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में की जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतगणना कार्य संपन्न कराने और संपूर्ण प्रक्रिया के पर्यवेक्षण के लिये विधानसभावार मतगणना प्रेक्षक नियुक्त कर दिए गए हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने प्रेक्षकों के सहयोग एवं कार्यसुविधा के लिए लाइजनिंग ऑफीसर नियुक्त किये हैं।
जारी आदेशानुसार विधानसभा चित्रकूट, रैगांव के प्रेक्षक प्रभाष कुमार उकिल के सहयोग के लिए कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राजीव पांडेय, सतना विधानसभा के प्रेक्षक डॉ सुरेश कुमार के लिए मत्स्य निरीक्षक संजय तिवारी, नागौद, मैहर विधानसभा के प्रेक्षक केआर पटेल के लिए खनिज निरीक्षक रामसुशील चौरसिया तथा अमरपाटन और रामपुर बघेलान के प्रेक्षक अनूप ठाकुर के लिये को एफएसओ शीतल सिंह को लाइजनिंग आफीसर नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त सभी प्रेक्षकों की कार्यसुविधा के लिये स्टेनो एवं कम्प्यूटर ऑपरेटर की ड्यूटी भी मतगणना समाप्ति तक के लिये लगाई है। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे प्रेक्षक द्वारा दिये गये निर्देशों का पालन करना सुनिश्चित करेंगे। सभी मतगणना प्रेक्षक सर्किट हाउस सतना में ठहरे हुये हैं।

कलेक्टर ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण

सतना संसदीय क्षेत्र की मतगणना 4 जून को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में की जायेगी। मतों की गणना की तैयारियां जारी है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मतगणना स्थल में की जा रही तैयारियों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना के संबंध में की जा रही तैयारियों जानकारी ली। कलेक्टर ने मतगणना के कक्षों का अवलोकन किया और सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ करने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।

कलेक्टर  वर्मा ने कहा कि मतगणना की तैयारियों के लिये जिस भी अधिकारी को जो जिम्मेदारी सौंपी गई हैं, उसे समय पर पूरा कर लें। सभी तैयारियां निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरुप होनी चाहियें। कलेक्टर ने मतगणना कार्य में लगे अधिकारी कर्मचारियों की चाय, नाश्ता, भोजन व्यवस्था करने, मतगणना परिसर की साफ-सफाई, अस्थाई शौचालय, फायर ब्रिगेड व पेयजल व्यवस्था करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिये। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेडे, एआरओ विकास सिंह, नीरज खरे,एपी द्विवेदी, राहुल सिलाढ़िया, आरएन खरे, जेके वर्मा, आरती यादव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article