राज्यमंत्री बागरी ने की केंद्रीय मंत्री सिंधिया से सतना हवाई अड्डा के उन्नयन की चर्चा.
भोपाल/सतना/दिल्ली. 17 फरवरी. नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने शुक्रवार को दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय इस्पात एवं नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से उनके कार्यालय राजीव गांधी भवन में सौजन्य भेंट की। राज्यमंत्री बागरी ने केंद्रीय मंत्री से सतना हवाई अड्डा के उन्नयन के संबंध में चर्चा की।
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने बताया कि रीजनल कनेक्टिविटी योजना के तहत देश के 9 रीजन की 19 हवाई पट्टियों के विकास और विस्तार की तैयारी प्रारंभ कर दी गई है। ये हवाई पट्टियां मध्यप्रदेश सहित गुजरात और महाराष्ट्र प्रदेशों में स्थित हैं। मध्यप्रदेश में सतना सहित 10 हवाई अड्डों का चयन किया गया है, जिन्हें वायुमार्ग से देश-विदेश से जोड़ने की तैयारी है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) इन हवाई अड्डों को सिविल एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने शीघ्र सर्वे करने जा रही है। इसके लिए जिला प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया है। सर्वे में अनुकूल स्थितियां मिलने पर यहां एयरपोर्ट विस्तार का काम शुरू होगा। काम तीन चरणों में होना है। यहां से एटीआर-72 (80 सीटर) श्रेणी के विमान को उड़ाने की योजना है।
इन एयरपोर्ट का होगा विस्तार
नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के जिन हवाई अड्डों का विकास और विस्तार 80 सीटर विमानों के अनुकूल किए जाने के लिए चयन किया गया है उनमें जबलपुर रीजन के सतना, शहडोल, दमोह शामिल हैं। भोपाल रीजन का पचमढ़ी, इंदौर रीजन के बिरलाग्राम, खंडवा, खरगोन, रतलाम, उज्जैन और नागपुर रीजन का छिंदवाड़ा शामिल है। अन्य प्रदेशों में अहमदाबाद रीजन के दीसा और मेहसाना, औरंगाबाद रीजन के शीरपुर, पोरबंदर रीजन के मिथापुर, पुणे रीजन के एमबे वैली, बारामती और नागपुर रीजन का अकोला हवाई अड्डा शामिल है।
