सतना 20 मार्च. भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन 2024 के घोषित कार्यक्रमानुसार लोकसभा क्षेत्र सतना में मतदान 26 अप्रैल को किया जायेगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने कारखाना अधिनियम के अंतर्गत आने वाले कारखानों में कार्यरत कामगारों को लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत मताधिकार का उपयोग करने की सुविधा देने के लिये सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
जिले के समस्त कारखाना प्रबंधकों को आदेश का पालन करने के निर्देश दिये गये हैं। जारी आदेशानुसार जिले के समस्त शासकीय, अर्द्ध-शासकीय, निजी औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित जनपद क्षेत्र के लिये परक्राम्य लिखित अधिनियम (निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट) 1881 के तहत 26 अप्रैल को सतना और मैहर जिले में सार्वजनिक अवकाश रहेगा.
अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संपूर्ण जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा द्वारा चुनाव कार्य में आवश्यक सहयोग के लिये सभी शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
5 सदस्यीय मेडीकल बोर्ड का गठन
जिले में संचालित शासकीय कार्यालयों के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देकर चुनाव ड्यूटी से मुक्त रहने के आवेदन पत्र प्रस्तुत किये जा रहे हैं। जिसके निराकरण के लिये कलेक्टर ने 5 सदस्यीय मेडीकल बोर्ड का गठन किया है। बोर्ड में सिविल सर्जन डॉ केएल सूर्यवंशी, डॉ मनोज शुक्ला, डॉ ज्ञानेश मिश्रा, डॉ अतीक खान एवं डॉ नीलम पटेल को शामिल किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी वर्मा के आदेशानुसार मेडीकल बोर्ड सोमवार से शनिवार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक जिला पंचायत के छोटे मीटिंग हॉल में कार्यरत रहेगा। गठित बोर्ड चुनाव ड्यूटी से मुक्त रहने के आवेदनों को प्राप्त करेगा। आवेदन पत्र के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण कर बोर्ड अपना अभिमत जिला निर्वाचन कार्यालय को प्रस्तुत करेगा। इसके उपरांत स्वास्थ्य संबंधी प्रकरणों का निराकरण किया जायेगा।
प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने पर 3 सेक्टर ऑफिसर्स को कारण बताओ नोटिस
लोकसभा निर्वाचन 2024 के संबंध में विधानसभावार नियुक्त सेक्टर ऑफिसर्स का प्रशिक्षण संयुक्त कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सतना में 18 मार्च को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे सेक्टर ऑफिसर के रुप में नियुक्त परियोजना संचालक (आत्मा) राजेश कुमार त्रिपाठी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन सपना मानकर और कार्यपालन यंत्री विद्युत प्रज्ञा त्रिपाठी को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
राजस्व-पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक आज
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में लोकसभा निर्वाचन 2024 के संबंध में राजस्व और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक 20 मार्च को प्रातः 11 बजे से संयुक्त कलेक्ट्रेट सतना सभाकक्ष में आयोजित होगी। संबंधित अधिकारियों को बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये हैं।
सर्विलांस टीमों का प्रशिक्षण 21 मार्च को
लोकसभा निर्वाचन 2024 के लिये गठित एसएसटी, एफएसटी, वीएसटी, वीवीटी और लेखा टीम का प्रशिक्षण 21 मार्च को अपरान्ह 3 बजे से जिला पंचायत सभागार धवारी सतना में आयोजित होगा।
