रीवा . 4 फरवरी. प्रदेश के 6वें रीवा एयरपोर्ट के 1800 मीटर रनवे का काम पूरा हो चुका है. यात्री बिल्डिंग और एटीसी टॉवर के कुछ काम पूर्णता की ओर हैं. खबर है कि रीवा एयरपोर्ट से पहली फ्लाईट प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए चलाई जाएगी. इस एयर कनेक्टिविटी शुरू हो जाने से रीवा से भोपाल का सफर करीब एक घंटे में पूरा हो सकेगा.
रीवा एयरपोर्ट के शुभारंभ की तैयारियां जोरों से चल रही हैं. एयरपोर्ट पर 100 यात्रियों की क्षमता वाली यात्री बिल्डिंग भी बनकर तैयार हो रही है। बस फिनिशिंग का कार्य किया जा रहा है. लाईट व पेयजल व्यवस्था का कार्य जारी है, वहीं पैसेंजर बिल्डिंग से एयरपोर्ट तक जाने के लिए कनेक्टिंग रोड का कार्य भी पूर्ण हो चुका है, जबकि एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ( एटीसी टॉवर) का पूरा सेटअप दिल्ली में बनकर तैयार हुआ है. यहां केवल इंस्टाल किया जाना है.
कनेक्टिंग रोड के साथ रिंग रोड के साथ एयरपोर्ट को जोड़ने वाली सड़क पर भी काम चल रहा है. फरवरी के आखिरी तक एयरपोर्ट पूरी तरह से बनकर तैयार हो जाएगा. इसी बीच सरकार द्वारा इंदौर व भोपाल से रीवा, दतिया, खजुराहो के लिए हवाई सेवा शुरू किए जाने पर विचार किया जा रहा है. इन शहरों से कनेक्टिविटी होने के बाद कनेक्टिंग फ्लाइट से अन्य शहरों में जाने की राह भी आसान होगी.
बता दें कि केंद्र सरकार के बजट में इस बार छोटे शहरों में एयरपोर्ट विकसित करने के उद्देश्य से उड़ान योजना पर फोकस किया गया है.
