पद्मश्री बाबूलाल दाहिया ने अपने परिजनों के साथ किया वोट
सतना 27 अप्रैल. लोकसभा निर्वाचन में सतना और मैहर जिले के सम्मानित नागरिकों ने भी मतदान किया। इनमें विधानसभा क्षेत्र नागौद मे भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित 85 वर्षीय पद्मश्री बाबूलाल दाहिया ने अपने गृहग्राम पिथौराबाद मतदान केंद्र में अपने परिवारजनों के साथ मतदान किया। श्री दाहिया के साथ उनके पुत्र और पौत्र ने भी मतदान किया।
प्रथम बार मताधिकार प्रयोग करने पर युवा मतदाता शांभवी ने व्यक्त की प्रसन्नता

जिले की युवा मतदाता शांभवी सिंह ने लोकसभा निर्वाचन में प्रथम मताधिकार का प्रयोग उत्साह एवं उमंग के साथ प्रसन्नता व्यक्त करते हुए किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि मैं प्रथम बार अपनी मताधिकार का प्रयोग किया है मुझे बहुत ही प्रसन्नता महसूस हो रही है। मैं आगे भी लोकतंत्र के इस महापर्व में ऐसे ही उमंग के साथ मतदान करना चाहती हूं। सभी युवा वोटर मतदान अवश्य करें।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा और उनकी पत्नी नेहा चौधरी वर्मा ने सेल्फी प्वाइंट पर खिंचवाई फोटो
सतना और मैहर जिले के विशेष मतदान केंद्रों में सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र रहा। लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सेदारी निभाने बड़ी संख्या में मतदाता अपने मतों का प्रयोग कर सेल्फी लिया। सेल्फी के माध्यम से इस लोकतंत्र के महायज्ञ में अपनी मत की आहुति देने हेतु मतदाताओं से अपील भी की। सतना शहर के सिविल लाइंस स्थित महिला आदर्श केंद्र में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा और उनकी पत्नी नेहा चौधरी वर्मा ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाई। इसके अलावा मतदान केंद्र के मतदाताओं ने भी मतदान करने के बाद उत्साहपूर्वक अपने मोबाइल पर सेल्फी कैप्चर की।
रामचरण ने मतदान करने में दिव्यांगता को नहीं बनने दिया बाधक
सतना संसदीय क्षेत्र अंतर्गत मैहर जिले के सारंग निवासी रामचरण यादव ने मतदान करने में अपनी दिव्यांगता को बाधक नहीं बनने दिया। रामचरण शुक्रवार की सुबह अपनी मोटराईज्ड ट्राइसिकिल लेकर अपने मतदान केंद्र क्रमांक 252 पहुंचे। मतदान करने में सहायता प्रदान करने केंद्र पर उपस्थित दिव्यांग मित्रों ने रामचरण को मतदान कक्ष में ले जाकर मतदान कराया। रामचरण ने मतदान करने के बाद कहा कि मैं दिव्यांग हूँ किन्तु मेरे वोट से देश चलेगा और सशक्त बनेगा। इसलिए मैं वोट करने आया हूँ। मैंने मताधिकार का प्रयोग करने अपने साथियों को भी कहा है। रामचरण ने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा हम जैसे दिव्यांग मतदाताओं का ध्यान रखते हुये सुविधाजनक मतदान करने के लिये जो भी व्यवस्थायें की गई है। इसके लिये निर्वाचन आयोग को बहुत-बहुत धन्यवाद। सभी जिम्मेदार नागरिकों को कहना चाहता हूं मतदान जरुर करें।
बुजुर्ग महिला रानी सोनी को मतदान करने पर कलेक्टर और एसपी ने बधाई

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता मतदान दिवस की सुबह से मतदान केंद्रों के निरीक्षण पर रहें। इस दौरान बिरसिंहपुर के मतदान क्रमांक 210 में 80 वर्षीय वृद्धा रानी सोनी को मतदान करने की बधाई दी। कलेक्टर और एसपी ने उनके साथ फोटो खिंचवाते हुये उत्साहवर्धन भी किया। इसके साथ ही मतदान केंद्र में उपस्थित आमजनों से रुबरु होकर मतदान के लिये प्रोत्साहित भी किया।
पहले वोट, फिर हल्दी की रस्म
जिला पंचायत सतना के आजीविका मिशन में कार्यरत कंप्यूटर आपरेटर रोशनी पटेल ने अपने विवाह की हल्दी रस्म से पहले मतदान को प्राथमिकता दी। उन्होंने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र सतना क्रमांक 9 में विधानसभा मैहर के मतदान केन्द्र 221 में पहले पहुंच कर अपना मतदान किया। रोशनी पटेल की शादी मतदान दिवस को 26 अप्रैल को है। रोशनी का कहना है कि लोकतंत्र का उत्सव अपने सामाजिक उत्सव से कही बढ़कर है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदान केंद्र पर विवाह वाले घरों के मतदाताओं को बिना लाइन में लगे वोटिंग की सुविधा दी है और फर्स्ट हाफ में वोटिंग की अपील की है। इसलिए उन्हे समय निकाल कर मतदान करने में कोई असुविधा नहीं हुई। रोशनी पटेल ने ऐसे सभी विवाह वाले घरों के मतदाताओं से समय निकाल कर अपना मतदान आवास्यक रूप से करने की अपील की है।
आयुष सिंह ने शेयर किया अपना फर्स्ट टाइम वोटिंग इक्सपीरियंस

लोकसभा निर्वाचन में सभी आयुवर्ग के मतदाताओं में भरपूर उत्साह देखने को मिला। पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाता आयुष सिंह मतदान करने के बाद रोमांचित नजर आये। वोट देने की उमंग उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रही थी। उन्होने कहा कि लोकसभा निर्वाचन में पहली बार वोट दिया है। मैं एक नागरिक के रूप में खुद को गौरवान्वित महसूस करता हूं और अपने कर्तव्य का निर्वहन करने से संतुष्ट हूं। वोटिंग के लिए जाने से पहले मैं बहुत उत्साहित था और उत्सुक भी था लेकिन। मुझे पता नहीं था कि मैं अपना वोट कैसे डालूंगा, लेकिन जब मैं वहां गया तो सब ठीक हो गया। आयुष ने बताया कि सौभाग्य से मतदान करने का मौका मिला और यह काफी रोमांचक अनुभव था। एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते मतदान करना चाहिए, यह हमारा कर्तव्य है।
रोशनी ने कहा पहले वोट करुंगी, फिर ससुराल जाऊंगी
सतना में मतदान के प्रति उत्साह की एक बेहतरीन तस्वीर सामने आई है। नागौद विधानसभा में उचेहरा जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत पिथौराबाद अंतर्गत अतरवेदिया गांव में रोशनी कुशवाहा पिता कैदीलाल कुशवाहा की रात में बारात आई थी। मतदान की सुबह शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद विदाई होने वाली थी। तब रोशनी ने परिजनों से कहा कि वो पहले वोट डालेगी, फिर ससुराल जायेंगी। परिवार वालों ने बेटी की भावनाओं का सम्मान किया। दुल्हन के वेश में ही अपने पति नीरज कुशवाहा के साथ पिथौराबाद के पोलिंग बूथ क्रमांक 176 पर पहुंचकर मतदान किया। इसके बाद बारात की धूमधाम से कंचनपुर कोठी के लिए विदाई हुई। सभी लोगों ने रोशनी की इस जिम्मेदारीपूर्ण कार्य की सराहना की।
कंचन को मतदान के लिये उनके पति शिवम ने किया प्रोत्साहित
सतना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिये मतदान 26 अप्रैल को किया गया। गुरुवार 25 अप्रैल को मैहर के ग्राम झरी की कंचन शर्मा के यहां बारात आई हुई थी। कंचन ने 26 अप्रैल को वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान समय निकालकर विदाई से पहले अपने पोलिंग बूथ क्रमांक 50-झरी पहुंचकर मतदान किया। मतदान के बाद कंचन ने कहा कि एक जागरुक नागरिक की यही असली पहचान है कि वह राष्ट्रहित के कार्यों को सर्वोपरि रखते हुये अपनी जिम्मेदारी को निभाने में सबसे आगे रहें। मैने मतदान कर दिया है, आप सब भी मतदान कर अपनी जिम्मेदारी को निभायें। दुल्हन कंचन को मतदान करने के लिये उनके पति शिवम द्विवेदी से भी खूब प्रोत्साहन मिला।
नवविवाहिता आकांक्षा ने मतदान के साथ की अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत
मतदान करने का उत्साह मतदाताओं में खूब देखने को मिला। सतना संसदीय क्षेत्र के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत मझगवां के मतदान केंद्र क्रमांक 95 की मतदाता आकांक्षा गुप्ता की शादी 25 अप्रैल को सम्पन्न हुई। 26 अप्रैल को उसकी विदाई होनी थी। नवविवाहिता आकांक्षा ने विदाई के पूर्व अपनी लोकतंत्र के प्रति आस्था प्रकट करने के लिए मतदान करने की इच्छा जताई। उन्होंने मतदान केन्द्र में जाकर मतदान किया, फिर अपने पति एवं बारातियों के साथ अपनी ससुराल के लिए विदा हुई। आकांक्षा ने मतदान करके संदेश दिया कि लोकतंत्र का पर्व-मतदान करने का गर्व है। उन्होने कहा कि मतदान के साथ मेरे वैवाहिक जीवन की शुरुआत हो रही है, जो मेरे लिये खुशी की बात है।
घर में मातम का माहौल, फिर भी संतोष वर्मा ने किया मतदान

रैगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सौहौला निवासी श्रीमती संतोष वर्मा घर में देवर की कल हुई मृत्यु के कारण छाए मातमी माहौल के बीच भी लोकसभा निर्वाचन- 2024 में बाबूपुर के मतदान केंद्र क्रमांक 108 पर अपना मतदान करने पहुंची। संतोष ने मतदान केंद्र पहुंचकर बाहर लगी कतारों के दृष्टिगत सेक्टर अधिकारी अरुणेश तिवारी को बताया कि कल उसके देवर की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है और उसे जिला अस्पताल सतना में पार्थिव शरीर लेने जाना है। सेक्टर अधिकारी ने संवेदना जताते हुए संतोष वर्मा को मतदान केंद्र में बिना कतार के ले जाकर मतदान कराया।
अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने उत्साह के साथ किया मतदान

र्वाचन कार्य की अति व्यस्ततम ड्यूटी से समय निकालकर सतना और मैहर जिले के शासकीय सेवकों ने उत्साह के साथ मतदान किया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने सपरिवार और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने सतना विधानसभा क्षेत्र के आदर्श मतदान केंद्र सिविल लाइन में मतदान किया। कलेक्टर मैहर रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक मैहर सुधीर अग्रवाल, एसडीएम शैलेंद्र सिंह ने भी मैहर में मतदान किया। जिला जनसंपर्क अधिकारी राजेश सिंह ने रैगांव विधानसभा क्षेत्र के बाबूपुर मतदान केंद्र क्रमांक 108 में मतदान किया। जिला पंजीयक डॉ कीर्ति सिंह ने आदर्श मतदान केंद्र 122 सिविल लाईन में मतदान किया।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आदर्श महिला मतदान केंद्र में डाला अपना वोट

लोकसभा निर्वाचन के लिये कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने सतना शहर स्थित शासकीय हाई स्कूल सिविल के आदर्श महिला केंद्र में मतदान किया। कलेक्टर अनुराग वर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता अपने शासकीय निवास से पैदल मतदान केंद्र पहुंचे। कलेक्टर और एसपी ने अपने परिवार के साथ शासकीय हाई स्कूल सिविल लाइंस के आदर्श महिला मतदान केंद्र-112 में आम मतदाताओं की तरह कतार में खड़े होकर अपनी बारी आने पर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने अपने अपने मोबाइल सेट भी मतदान केंद्र के बाहर जमा कराए।
