सतना लोकसभा की ख़बरें – चुनाव में अनुमति प्राप्त करने प्रत्याशी सुविधा पोर्टल का करें उपयोग

Satnafirst Desk
8 Min Read
सतना 1 अप्रैल. लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी द्वारा प्रचार-प्रसार के समय उपयोग किये जाने वाले वाहनों, रैली एवं जुलूस, सभा आदि की अनुमति सिंगल विंडो से प्राप्त की जा सकती है। भारत निर्वाचन आयोग ने सभी चुनावी अनुमतियों को संसाधित करने के लिए एकल खिड़की के लिए ’सुविधा पोर्टल’ नामक एक एप्लिकेशन लॉन्च किया है। यह एप्लिकेशन उम्मीदवार और सीमित कार्यक्षमता वाले राजनीतिक दलों के लिए तैयार किया गया है। यह एक वेब-आधारित एप्लिकेशन है जो अनुमति आवेदन भरने का विकल्प प्रदान करता है।

चुनाव अनुमति मॉड्यूल में उपलब्ध सुविधाएँः

▪️ ऑफ़लाइन और ऑनलाइन अनुमति अनुरोध लागू करने की सुविधा

▪️ संबंधित विभाग के नोडल अधिकारी को अनुमति अनुरोध का स्वतः अग्रेषण

▪️ नोडल अधिकारियों के लिए अलग मोबाइल एप्लीकेशन

▪️ अनुमति की विशिष्ट श्रेणियों के लिए एकाधिक नोडल नियुक्त करने की सुविधा

▪️ अनुमति की स्थिति की शुरू से अंत तक ट्रैकिंग

लोकसभा निर्वाचनः 26 अप्रैल को मतदान अवश्य करें

सतना कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के निर्देशन में लोकसभा निर्वाचन 2024 में जिले में अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान करने के लिए जागरूक किये जाने के उद्देश्य से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत विभिन्न आयोजन किये जा रहे हैं। सशक्त लोकतंत्र के निर्माण एवं मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा सोशल मीडिया इनफ्लूएंसर, कैंपस एबेंसडर, पार्टनर विभाग, गैर-सरकारी संस्थाओं के साथ-साथ विद्यालयीन और महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा सहयोग किया जा रहा है। स्वीप गतिविधि आयोजन के क्रम में रविवार को महाविद्यालयीन छात्राओं ने हांथो में मेंहदी रचाकर देश में आयोजित हो रहे लोकतंत्र के उत्सव में मतदान कर सहभागिता निभाने की अपील की।

इसी प्रकार महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा सतना शहर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क कर मतदाताओं को मतदान के लिये जागरुक किया गया। साथ ही 26 अप्रैल को मताधिकार का प्रयोग करने का आग्रह किया। सभी मतदाताओं से आग्रह किया गया कि खुद मतदान करें और परिवार, पास पड़ोस के नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। स्वीप गतिविधियों में राष्ट्रीय सेवा योजना के इकाई शिविर के 5वें दिन मतदाता जागरुकता अभियान के ताहत पोस्टर प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता और मेहंदी प्रतियोगिता के माध्यम से मतदान के महत्व को जाना ंगया और समझा गया।

वोटर की शंकाओं का समाधान है वीवीपैट मशीन

सतना लोकसभा चुनाव 2024 में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के साथ-साथ वीवीपैट मशीन का भी उपयोग किया जायेगा। वीवीपैट मशीन के जरिये वोटर जान सकेगा कि उसने जिस उम्मीदवार के चुनाव चिन्ह का बटन दबाया है, वह उसी के खाते दर्ज हुआ है या नहीं। वोटर के मन में कोई शंका नहीं रहेगी। जैसे ही वोटर अपना वोट बटन दबाकर देगा, वीवीपैट मशीन की विंडो पर यह दिखाई पड़ेगा कि उसका मत किस चुनाव चिन्ह पर दर्ज हुआ है।
वीवीपैट (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) एक स्वतंत्र इकाई है, जो कि ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) से जुड़ी रहेगी। जैसे ही वोटर अपना वोट कास्ट करेगा वह पारदर्शी विंडो जो कि वीवीपैट मशीन में लगी है, उससे वह सात सेकंड तक देख सकेगा कि उसने किस अभ्यर्थी, किस चुनाव चिन्ह व किस क्रम में अपना मत दिया है। सात सेकंड के बाद यह स्लिप कटकर मशीन के एक सीलबंद ड्राप बॉक्स में गिर जाएगी। मतदाताओं का भरोसा बढ़ाने के लिये ईवीएम को वीवीपैट से जोड़ा गया है।
इससे मतदाताओं को अपना मतदान बिल्कुल सही होने की पुष्टि करने में मदद मिलती है। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का निर्माण सार्वजनिक क्षेत्र के सिर्फ दो प्रतिष्ठित संस्थानों ईसीआईएल (इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इण्डिया लिमिटेड) और बीईएल (भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड) में एक स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञ समिति के तकनीकी विशेषज्ञों की देखरेख और निर्वाचन आयोग के निरीक्षण में कराया जाता है, ताकि इसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जा सके।

चुनाव कार्य में घायल अधिकारियों-कर्मचारियों का होगा कैशलेस उपचार

निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव 2024 में चुनाव कार्य के दौरान घायल होने पुलिस और मतदान अधिकारियों-कर्मचारियों के घायल होने की स्थिति में कैशलेस चिकित्सकीय उपचार कराने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। आयोग के निर्देशों के परिपालन में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय मध्यप्रदेश ने कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों को पत्र के माध्यम से निर्देश दिए है कि लोकसभा निर्वाचन 2024 में लगे पुलिस एवं मतदान अधिकारियों, कर्मचारियों को चुनाव कार्य के दौरान घायल होने की स्थिति में उन्हें कैशलेस उपचार तुरंत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सतना को आयोग के निर्देशों से अवगत कराते हुये जिले में स्थित जिला चिकित्सालय एवं अन्य अधिकृत चिकित्सालयों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता बनाये रखने के निर्देश दिये हैं।

प्रत्येक 2 घंटे में भेजी जायेगी एक्शन टेकन रिपोर्ट

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान के दिन एवं मतदान से एक दिन पूर्व ईएमएमसी (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया मॉनीटरिंग कमेटी) से प्राप्त आइटम या न्यूज पर प्रति 2 घंटे में एक्शन टेकन रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को भेजी जानी है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने लोकसभा निर्वाचन के लिये ईएमएमसी की रिपोर्ट भेजने संयुक्त कलेक्टर सुधीर कुमार बैक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।

 


 

Share This Article