सतना, लोकसभा निर्वाचन 2024 के संबंध में विधानसभावार नियुक्त सेक्टर ऑफिसर्स का प्रशिक्षण संयुक्त कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सतना में 18 मार्च को संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे सेक्टर ऑफिसर के रुप में नियुक्त परियोजना संचालक (आत्मा) राजेश कुमार त्रिपाठी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन सपना मानकर और कार्यपालन यंत्री विद्युत प्रज्ञा त्रिपाठी को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी की गई है।
नोटिस में कहा गया है कि बिना किसी पूर्व सूचना के आपकी अनुपस्थिति के कारण निर्वाचन जैसा महत्वपूर्ण और अतिसंवेदनशील कार्य प्रभावित हुआ। क्यों न इस कृत्य को अनुशासनहीनता और लापरवाही की श्रेणी में रखते हुये आपके विरुद्ध मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) 1996 के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाये। कलेक्टर श्री वर्मा ने संबंधितों को जारी नोटिस का जवाब 24 घंटे के अंदर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये है। समाधानकारक और समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर एक पक्षीय कार्यवाही की जायेगी।
