सतना। मध्य प्रदेश की सतना संसदीय सीट पर आगामी लोकसभा चुनाव में मुकाबला रोचक होने के आसार हैं। इसकी वजह भी है क्योंकि वर्तमान सांसद गणेश सिंह भाजपा उम्मीदवार के तौर पर मैदान में है तो उनके सामने कांग्रेस के विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा है। कुशवाहा ने अभी हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में गणेश सिंह को पराजित किया था।
सतना लोकसभा सीट के इतिहास पर गौर करें तो बीते 15 चुनाव में अधिकाश बार यहां से पिछड़े वर्ग का उम्मीदवार निर्वाचित होता रहा है। इस बार के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा दोनों ही ने पिछड़े वर्ग के उम्मीदवार को मैदान में उतारा है।
गणेश सिंह चार बार से सतना के सांसद हैं मगर पिछले दिनों के विधानसभा चुनाव में उन्हें हर का सामना करना पड़ा था। कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा ने विधानसभा चुनाव में गणेश सिंह को लगभग 5000 वोटो के अंतर से पराजित किया था। अब कांग्रेस ने कुशवाहा को गणेश सिंह के सामने मैदान में उतारा है।
विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद गणेश सिंह के लिए आगामी लोकसभा चुनाव उतना आसान नजर नहीं आ रहा है जितना वर्ष 2019 का लोकसभा चुनाव के लिए रहा था।
भाजपा में सतना संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव के लिए कई दावेदार थे और उनमें नए चेहरों की भी भरमार थी मगर पार्टी ने गणेश सिंह पर एक बार फिर दाव लगाया है। हर किसी के लिए यह सीट इसलिए अब महत्वपूर्ण हो गई है क्योंकि गणेश सिंह के सामने कांग्रेस ने उसे व्यक्ति को मैदान में उतारा है जिसने अभी हाल के विधानसभा चुनाव में उन्हें मात दी थी।
