- कलेक्टर ने की स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा
सतना 15 फरवरी. कलेक्टर अनुराग वर्मा ने गुरूवार को स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं के पंजीयन तथा अन्य कार्यक्रमों में संतोषजनक उपलब्धि नहीं होने पर बीएमओ उचेहरा को निलंबन नोटिस जारी करने तथा बीएमओ मझगवां, रामपुर बघेलान एवं सतना शहर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिये हैं।
स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान आईडीएसपी कार्यक्रम में आईएचआईपी पोर्टल में 75 प्रतिशत से कम उपलब्धि वाले बीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये। वयस्क बीसीजी टीकाकरण सर्वे में आंगनवाड़ी कार्यकताआर् का शहरी क्षेत्र में सहयोग नहीं मिलने की जानकारी जिला क्षय अधिकारी द्वारा दी गई। जिस पर कलेक्टर वर्मा ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिये।
इस मौके पर सीएमएचओ डॉ. एलके तिवारी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सुचित्रा अग्रवाल, डीएचओ डॉ. विजय आरख, जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह सहित सभी सीडीपीओ तथा सभी बीएमओ उपस्थित थे। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एनआरसी, कुष्ठ, अंधत्व, मलेरिया, परिवार कल्याण, हेपेटाइटिस टीकाकरण, सीडीआर, आयुष्मान भारत, एनसीडी, आरबीएसके आदि की समीक्षा की। कलेक्टर ने वर्ष 2023-24 की उपलब्धि की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर द्वारा ग्राम ककरा, मैहर की रेखा साकेत की प्रसव के दौरान हुई मृत्यु की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होने सीएमएचओ एवं डीएचओ-1 को जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये। समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री वर्मा ने बेबी ऑफ ललिता अहिरवार के प्रसव एवं सीजर में देरी की जानकरी प्राप्त की. इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के लिये निर्देशित किया गया। कलेक्टर श्री वर्मा ने महिला एवं बाल विकास की एडब्ल्यूसी, ग्रोथ मॉनीटरिंग, आंगनवाड़ी केंद्रों में मध्यान्ह भोजन वितरण की परियोजनावार समीक्षा की।
