- नाप-तौल में गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध 9111322204 पर व्हाट्स-अप करें शिकायत
सतना 22 जून. राज्य सरकार किसानों के साथ नाप-तौल में धोखाधड़ी करने वाले व्यापारियों को चिन्हांकित कर कड़ी कार्रवाई कर रही है। गड़बड़ी करने वाले 57 व्यापारियों को चिन्हांकित कर उनके विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किये गये हैं।
नियंत्रक नाप-तौल डॉ. कैलाश बुंदेला ने बताया है कि आगामी खरीफ फसल को दृष्टिगत रखते हुए विशेष जाँच अभियान चलाकर जिलों में खाद-बीज विक्रेताओं की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। किसानों को सही मात्रा एवं दाम में खाद एवं बीज बेचने में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध किये जा रहे हैं, जिससे कि किसानों को सही कीमत पर उचित मात्रा में कृषि आदान प्राप्त हों।
अभियान में विशेष तौर से जाँचा-परखा जा रहा है कि व्यापारी द्वारा उपयोग में लाए जा रहे नाप-तौल उपकरण नियमानुसार सत्यापित एवं सही है कि नही, खाद एवं बीज के पैकेजों पर नियमानुसार आवश्यक घोषणाए अंकित है कि नहीं। पैकेजों पर अंकित मात्रा के अनुसार खाद एवं बीज है, या नहीं। व्यापारी खाद्य बीज के पैकेजों पर अंकित एमआरपी से अधिक कीमत पर विक्रय तो नहीं कर रहा है।
किसानों को सही मात्रा में सही कृषि आदान उपलब्ध करायें
खाद एवं बीज व्यापारियों को कहा गया है कि वे सत्यापित नाप-तौल उपकरणों का ही उपयोग करे, खाद एवं बीज के पैकेजों पर नियमानुसार आवश्यक घोषणाए अंकित होने पर ही विक्रय के लिये रखें, पैकेजों पर अंकित एमआरपी से अधिक कीमत पर विक्रय न करें। यह सुनिश्चित करें कि किसानों को खाद एवं बीज सही मात्रा में ही मिले। किसी भी व्यापारी के यहां अनियमितता पाई जाने पर नाप-तौल अधिनियम एवं नियमों के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
किसान भाई व्यापारियों की गड़बड़ी पर बेखौफ होकर व्हाट्स-अप करें
डॉ. बुंदेला ने किसानों से आग्रह किया है कि वे कृषि दुकानों पर खरीदी पर संदेह की स्थिति में बेखौफ होकर जानकारी उपलब्ध करायें, जिससे कि व्यापारियों द्वारा किसानों के साथ होने वाली धोखाधड़ी को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं बीज विक्रेता के यहां नाप-तौल, अधिक कीमत लेने संबंधी किसी प्रकार भी अनियमितता पर शिकायत विभाग के व्हाटस-एप नम्बर 9111322204 पर जानकारी दें।
