- अब तक कुल 49 अभ्यर्थियों द्वारा 64 नाम निर्देशन पत्र दाखिल.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि नाम निर्देशन पत्र दाखिल किये गये अभ्यर्थियों के शपथ पत्र एवं अन्य जानकारियां भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट की लिंक https://affidavit.eci.gov.in/ पर देखी जा सकती हैं। राजन ने बताया कि पहले चरण के लिये नाम निर्देशन पत्र बुधवार, 27 मार्च को अपरान्ह 3 बजे तक भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा गुरुवार, 28 मार्च को की जाएगी। नामांकन भर चुके प्रत्याशी शनिवार, 30 मार्च तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। पहले चरण के लिए शुक्रवार, 19 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना 4 जून को होगी।
मतदान दलों का प्रशिक्षण 27 और 28 मार्च को
सतना. लोकसभा निर्वाचन 2024 के संबंध में मतदान दलों में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों का प्रथम प्रशिक्षण 27 और 28 मार्च को आयोजित होगा। सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण में अपना वोटर कार्ड लाना होगा। मतदान दलों को प्रशिक्षण स्थल पर 12ए का वितरण किया जायेगा। जिसमें प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षणार्थियों का मोबाइल नंबर और वोटर आईडी कार्ड नंबर एवं संबंधित जानकारी की प्रविष्टि की जायेगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने समस्त विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को दिशा-निर्देश दिये हैं।
प्रकोष्ठ की ड्यूटी में परिवर्तन
लोकसभा निर्वाचन 2024 की गतिविधियों के सुचारु संचालन एवं कार्य संपादन के लिये प्रकोष्ठ गठित कर अधिकारी-कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई हैं। मतगणना स्थल एवं स्ट्रांग रुम चयन और संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण उप संभाग सतना को सौंपी गई थीं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने ड्यूटी आदेश को संशोधित करते हुये अब यह जिम्मेदारी अनुविभागीय अधिकारी लोक निर्माण विभाग उप संभाग मझगवां एके निगम को दी है। इसी प्रकार प्रकोष्ठ की ड्यूटी में तैनात उपयंत्री गोविंद सिंह के 31 मार्च 2024 को सेवानिवृत्त होने पर उपयंत्री मृत्युंजय सिंह की नियुक्ति की गई हैं।
