सतना/मैहर, 12 जून. लोकसभा निर्वाचन 2024 कार्यक्रम की प्रक्रिया समाप्त हो जाने के उपरांत आमजनों की समस्याओं के आवेदन प्राप्त करने और निराकरण के लिये जनसुनवाई शुरु हुई। कलेक्टर मैहर रानी बाटड ने कलेक्ट्रेट सभागार मैहर में उपस्थित रहकर जनसुनवाई की। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आये लोगों ने अपनी समस्याओं को कलेक्टर के समक्ष रखा। जनसुनवाई में 38 आवेदन प्राप्त हुये। प्राप्त आवेदनों पर सुनवाई करते हुए कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर शैलेंद्र सिंह, एसडीएम मैहर विकाश सिंह, जनपद सीईओ प्रतिपाल बागरी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में रामनगर तहसील के ग्राम खुजरीताल निवासी संतोषी मिश्रा ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके पति की मृत्यु हो चुकी है। शासन द्वारा दी जाने किसान सम्मान निधि का लाभ उनके पति को प्राप्त हो रहा था। पति की मृत्यु के उपरांत योजना का लाभ मिलना बंद हो गया है। योजना का का लाभ पाने ऑनलाइन पंजीयन भी किया गया है, मगर किन्ही कारणों से पोर्टल पर नाम न जुड़ पाने के कारण योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इसी प्रकार मैहर निवासी तिजिल सोनी ने आवेदन दिया कि विद्युत विभाग को मीटर जले होने की सूचना देने के बाद भी कोई निराकरण नहीं किया गया है। विद्युत विभाग द्वारा कई माह से अनियमित रीडिंग का बिल भेजा जा रहा है। जनसुनवाई में मैहर तहसील के नादन क्षेत्र के ग्राम मड़ई के भुरैया बंसल द्वारा बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण के काम में उनकी आराजी की जमीन को दबा दिया गया। साथ ही खेत से नहर एवं पानी की पाइप लाइन डाल दी गई, मगर किसी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया गया। कलेक्टर ने जनसुनवाई में आमजनों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुये संबंधित विभाग अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
